भास्कर न्यूज | जालंधर मोता सिंह नगर में 28 फरवरी की रात वरदान अस्पताल के डॉक्टर के घर के बाहर फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने एनकाउंटर में शाहकोट के गांव भोगपुर के रहने वाले 32 साल के जोधा सिंह उर्फ जोधा को पकड़ा है। जोधा पर पहले ही करीब 23 केस दर्ज हैं। सीपी सतिंदर सिंह ने बताया- सीआईए स्टाफ के इंचार्ज सुरिंदर कुमार ने शाहपुर में वीरवार सुबह एक विशेष नाका लगाया था। तभी हेलमेट पहन कर आए शूटर ने रुकने की बजाए नाका तोड़ कर बाइक दौड़ा दी। टीम पीछे गई तो उसने फायरिंग कर दी। शूटर सीधे सड़क से कच्चे रास्ते पर आ गया। यहां पर उसकी बाइक स्लीप कर गई। शूटर ने भागने की कोशिश करते हुए टीम पर फिर फायरिंग की तो टीम ने आत्मरक्षा के लिए जवाबी फायरिंग में उसके पैर के पास गोली मार कर पकड़ लिया। उससे दो पिस्टल मिले है। सीपी ने कहा-शूटर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उसके ठीक होने पर ही पता चलेगा कि वह दोबारा सिटी में क्या करने आ रहा था। 28 फरवरी को फायरिंग के बाद पूर्व पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने पुलिस की लापरवाही करार देते हुए एसीपी (मॉडल टाउन) परमिंदर सिंह मंड और एसएचओ-6 रविंदर कुमार को सस्पेंड कर दिया था। केस में पहले इंस्पेक्टर रविंदर कुमार बहाल कर थाना-7 में लगाया और अब डीजीपी गौरव यादव ने एसीपी मंड को बहाल कर दिया है। जल्द ही उन्हें नई पोस्टिंग मिल सकती है।
Source link
एनकाउंटर में पकड़े आरोपी जोधा पर 23 केस, बेल पर आकर की फायरिंग







