![]()
इंडिया स्किल्स राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2025-26 में चंडीगढ़ के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और तीन मेडेलियन फॉर एक्सीलेंस सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए हैं। इस उपलब्धि पर केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री एंव शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने चंडीगढ़ के प्रतिभागियों की सराहना की है। केंद्रीय मंत्री ने यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को भेजे पत्र में चंडीगढ़ के खिलाड़ियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चंडीगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, प्रशिक्षण संस्थानों और चंडीगढ़ प्रशासन की मेहनत को दिया। 650 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा इंडिया स्किल्स राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन 29 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक किया गया था। प्रतियोगिता में देशभर से 63 विभिन्न कौशल श्रेणियों में 650 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी तकनीकी और व्यावसायिक प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करती है। साथ ही यहां से चयनित प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं, विशेषकर वर्ल्ड स्किल्स 2026 के लिए भी तैयार किया जाता है। प्रतियोगिता में चंडीगढ़ के 12 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इनमें से 5 प्रतिभागियों ने पदक जीतकर चंडीगढ़ का नाम रोशन किया। वेब टेक्नोलॉजी श्रेणी में साहिल गर्ग ने स्वर्ण पदक जीतकर चंडीगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। वहीं अमन शुक्ला ने विजुअल मर्चेंडाइजिंग में रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा फरमान खान ने क्लाउड कंप्यूटिंग, गीतांश कोच्छड़ ने होटल रिसेप्शन और भुवन शर्मा ने बेकरी श्रेणी में मेडेलियन फॉर एक्सीलेंस प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित करेगा प्रशासन इस उपलब्धि पर यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सभी विजेता प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों और संस्थानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता युवाओं की प्रतिभा, समर्पण और कठिन मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन जल्द ही सभी पांच पदक विजेताओं को सम्मानित करने के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित करेगा। प्रशासक ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए लगातार काम कर रहा है। ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर सकें और शहर का नाम रोशन करें।
Source link
इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में चंडीगढ़ का शानदार प्रदर्शन:5 पदक जीते, वेब टेक्नोलॉजी में गोल्ड, विजुअल मर्चेंडाइजिंग में सिल्वर, प्रशासक कटारिया-युवाओं की मेहनत का नतीजा







