![]()
अमृतसर के अजनाला क्षेत्र में पंजाब पुलिस और दो बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करने का दावा किया गया है। यह घटना अजनाला के गांव भखा तारा सिंह के पास नहर क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो हथियारबंद संदिग्ध इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों की घेराबंदी और पीछा शुरू किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरोपी को तुरंत अजनाला सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। उनकी पहचान सुखराज सिंह और अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्तौल, दो मोबाइल फोन और एक थार गाड़ी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क यूके में बैठे एक गैंगस्टर निशान द्वारा संचालित किया जा रहा था। पुलिस को शक है कि दोनों आरोपी इलाके में किसी टारगेट किलिंग की योजना के तहत रेकी कर रहे थे और बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों, हथियारों की सप्लाई चैन और संभावित साजिश के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस ने दावा किया है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया गया है।
Source link
अमृतसर में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़:थार सवार युवकों को दबोचा, यूके बेस्ड गैंगस्टर की बड़ी टारगेट किलिंग साजिश नाकाम,1 घायल







