6 दिन पहले
- कॉपी लिंक

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के करीबी सहयोगी राणा सनाउल्लाह और आतंकी हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
बताया जा रहा है कि यह तस्वीर फैसलाबाद में हुए एक शादी समारोह की है, जिसमें राणा सनाउल्लाह और तल्हा सईद एक-दूसरे से हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस मुलाकात की सही तारीख की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
हाफिज सईद को 2008 के मुंबई आतंकी हमलों का मुख्य साजिशकर्ता माना जाता है। उस पर भारत, अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने प्रतिबंध लगाए हुए हैं। उसका बेटा तल्हा सईद भी भारत द्वारा UAPA कानून के तहत आतंकी घोषित किया जा चुका है।
हाफिज सईद इस समय पाकिस्तान में सजा काट रहा है, लेकिन समय-समय पर उसके खुलेआम घूमने की खबरें भी सामने आती रही हैं।
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान के किसी नेता का नाम ऐसे विवाद में जुड़ा हो। पिछले साल पंजाब के कसूर में हुए एक कार्यक्रम में भी कई पाकिस्तानी मंत्री आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों के साथ मंच साझा करते दिखे थे।
यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब हाल ही में आई एक अमेरिकी रिपोर्ट में कहा गया था कि पाकिस्तान में कई आतंकी संगठन अब भी सक्रिय हैं और उन्हें पूरी तरह खत्म नहीं किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
अमेरिका के लास वेगास में F-35 फाइटर जेट क्रैश, पायलट ने कूद कर जान बचाई

अमेरिका के लास वेगास में मंगलवार को एक F-35 फाइटर जेट क्रैश हो गया। अमेरिकी वायुसेना के मुताबिक, यह हादसा नेलिस एयर फोर्स बेस के पास हुआ। विमान इंडियन स्प्रिंग्स से करीब 25 मील उत्तर-पूर्व में नेवादा टेस्ट एंड ट्रेनिंग रेंज के प्रतिबंधित क्षेत्र में गिरा।
हादसे के दौरान पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई। अधिकारियों के अनुसार, पायलट को मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है।
वायुसेना ने बताया कि दुर्घटना नियंत्रित एयरस्पेस में हुई और इससे आम लोगों को कोई खतरा नहीं हुआ। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि यह दुर्घटना क्यों हुई।
रूस का मिलिट्री ट्रांसपोर्ट प्लेन क्रीमिया में क्रैश, 29 की मौत; चट्टान से टकराया

रूस का मिलिट्री ट्रांसपोर्ट प्लेन An-26 मंगलवार को क्रीमिया में क्रैश हो गया। इसमें 23 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे। सभी की मौके पर ही मौत हो गई। रूसी न्यूज एजेंसी तास के मुताबिक, पहले विमान से संपर्क टूट गया था। बाद में यह चट्टान से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
शुरुआती जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है। इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है। An-26 प्लेन सोवियत दौर का सैन्य ट्रांसपोर्ट विमान है। इसे एंटोनोव कंपनी ने बनाया था। इसकी पहली उड़ान 1969 में हुई थी।
इसका इस्तेमाल सैनिकों, हथियारों और सैन्य सामान को ले जाने के लिए किया जाता है। इसमें एक साथ दर्जनों सैनिक या भारी कार्गो ले जाया जा सकता है।
इस विमान की खासियत है कि यह छोटे और खराब रनवे से भी उड़ान भर सकता है। इससे इसे दुर्गम और युद्ध क्षेत्रों में इस्तेमाल किया जाता है। इसके पीछे बड़े कार्गो दरवाजे से एयरड्रॉप ऑपरेशन भी किए जा सकते हैं।
50 साल से ज्यादा पुराने डिजाइन के कारण इसकी सुरक्षा पर सवाल उठते रहे हैं। समय-समय पर इसके हादसे भी सामने आए हैं। आज भी कई देशों में यह विमान इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन धीरे-धीरे इसे आधुनिक ट्रांसपोर्ट विमानों से बदला जा रहा है।
अमेरिका में 17 साल की गर्भवती और अजन्मे की मौत, 160 की रफ्तार में कार चलाने वाला भारतीय गिरफ्तार

अमेरिका में तेज रफ्तार कार से हुए एक हादसे में भारतीय नागरिक तरसेम सिंह पर गंभीर आपराधिक आरोप लगे हैं। इस घटना में 17 साल की एक गर्भवती किशोरी और उसके अजन्मे बच्चे की मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा 16 फरवरी 2026 को अमेरिका के ओहियो राज्य के डार्क काउंटी में हुआ था। पुलिस के अनुसार, तरसेम सिंह अपनी कार को करीब 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चला रहा था। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने गाड़ी रोकने के बजाय और तेज भगा दी।
इसके बाद करीब 5 मील तक पुलिस और उसकी कार के बीच तेज रफ्तार में पीछा चला, जो आखिरकार एक दूसरी कार से टक्कर के साथ खत्म हुआ। इसमें एश्ले होम्स नाम की किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई।
इस मामले में 23 मार्च को ग्रैंड जूरी ने तरसेम सिंह पर कई गंभीर आरोप तय किए हैं। इनमें गैर-इरादतन हत्या, लापरवाही से हत्या और खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने जैसे आरोप शामिल हैं।
अमेरिका की इमिग्रेशन एजेंसी ICE ने भी उसके खिलाफ इमिग्रेशन डिटेनर जारी किया है। यानी अगर वह जमानत पर भी छूटता है, तो उसे हिरासत में लेकर डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। उसकी जमानत 10 लाख डॉलर तय की गई है।
चीन- खाली फ्लैट खरीद परिजनों की अस्थियां रखने पर बैन:कब्रिस्तान महंगा होने पर लोग प्रॉपर्टी खरीद रहे थे, उसमें अस्थियां रखते थे

चीन की सरकार एक नया कानून लाने जा रही है, जिसके तहत लोग अपने परिजनों की राख को खाली अपार्टमेंट में नहीं रख पाएंगे। इसे ‘बोन ऐश अपार्टमेंट’ कानून कहा जा रहा है।
इसके साथ ही सार्वजनिक कब्रिस्तानों के अलावा कहीं और शव दफनाने या मकबरे बनाने पर भी रोक होगी
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक चीन में कब्रिस्तान लगातार महंगा होता जा रहा है। ऐसे में ‘गुहुई फांग’ यानी ऐसे फ्लैट्स का चलन बढ़ गया है, जहां लोग अपने परिजनों की अस्थियां रखते हैं।
तेजी से शहरीकरण और बुजुर्ग आबादी बढ़ने के कारण शहरों में कब्रिस्तान की जमीन कम होती जा रही है और उनकी कीमत बहुत ज्यादा बढ़ गई है। पूरी खबर यहां पढ़ें…








