सोनीपत3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

वीसी प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में 4 कोर्स नए शामिल किए गए।
दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (DCRUST) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रों को बड़ी सौगात दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीटेक स्तर पर चार नए रोजगारपरक एवं आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है, जिनमें प्रत्येक कोर्स में 30-30 सीटें निर्धारित की गई हैं।
वीसी प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रोजगार अवसर मिल सकें। विश्वविद्यालय में अत्याधुनिक लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, इंडस्ट्री-अकादमिक सहयोग, AI एवं 3D प्रिंटिंग लैब जैसी सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा दी जा रही है।
बीटेक स्तर पर शुरू किए गए 4 नए कोर्स
वीसी प्रो. प्रकाश सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में बी.डिजाइन, बीटेक इन टेक्सटाइल इंजीनियरिंग, बीटेक इन इलेक्ट्रिकल एंड कंप्यूटर इंजीनियरिंग तथा बीटेक इन एनर्जी एंड एनवायरमेंटल मैनेजमेंट जैसे चार नए कोर्स शुरू किए गए हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम में 30-30 सीटें निर्धारित की गई हैं। इन कोर्सों को उद्योगों की मांग और भविष्य की तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीटेक स्तर पर चार नए रोजगारपरक एवं आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है, जिनमें प्रत्येक कोर्स में 30-30 सीटें निर्धारित की गई हैं।
बीटेक प्रवेश प्रक्रिया हुई शुरू
विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक, बीटेक (LEET) एवं बी.आर्क पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहली दो ऑनलाइन काउंसलिंग राउंड HSTES के माध्यम से आयोजित होंगी, जबकि इसके बाद ऑफलाइन एवं फिजिकल काउंसलिंग संस्थान स्तर पर करवाई जाएगी। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और HSTES पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
आधुनिक और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों पर जोर
DCRUST में कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिविल, बायोटेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग और टेक्सटाइल इंजीनियरिंग जैसे अनेक आधुनिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा बी.डिजाइन और बी.आर्क जैसे प्रोफेशनल कोर्स भी विद्यार्थियों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। विश्वविद्यालय का फोकस विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के लिए तैयार करना है।
NEP-2020 आधारित शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं
वीसी प्रो. सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में NEP-2020 आधारित पाठ्यक्रम लागू किए गए हैं। विद्यार्थियों को इंडस्ट्री-अकादमिक सहयोग के तहत प्रैक्टिकल अनुभव उपलब्ध कराए जाते हैं। संस्थान में अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, AI एवं 3D प्रिंटिंग लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, 24×7 ई-रिसोर्सेज और स्मार्ट कैंपस की सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऑटोमोबाइल लैब और ई-रिक्शा प्रोजेक्ट जैसे इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स के माध्यम से छात्रों को व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

वीसी प्रो. सिंह ने बताया कि मेधावी विद्यार्थियों को फीस में विशेष रियायत और स्कॉलरशिप की सुविधा दी जा रही है।
प्लेसमेंट रिकॉर्ड लगातार बेहतर
विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट रिकॉर्ड लगातार मजबूत हो रहा है। यहां से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को TCS, Tech Mahindra, Yamaha, Eicher Motors सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। विश्वविद्यालय के एक विद्यार्थी को 67 लाख रुपए तक का उच्चतम पैकेज भी मिल चुका है, जो संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्लेसमेंट क्षमता को दर्शाता है।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान
DCRUST परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए उत्कृष्ट हॉस्टल सुविधाएं, खेल गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और तकनीकी फेस्ट का नियमित आयोजन किया जाता है। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि विद्यार्थियों का केवल शैक्षणिक नहीं बल्कि सर्वांगीण विकास भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है।
मेधावी छात्रों के लिए स्कॉलरशिप और इंटर्नशिप
वीसी प्रो. सिंह ने बताया कि मेधावी विद्यार्थियों को फीस में विशेष रियायत और स्कॉलरशिप की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए 2.5 माह की इंटर्नशिप अनिवार्य की गई है, ताकि उन्हें इंडस्ट्री एक्सपोजर मिल सके और रोजगार के अवसर बढ़ सकें।








