![]()
फाजिल्का के अरनीवाला क्षेत्र में जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक युवक ने डीजे बंद होने से नाराज होकर कथित तौर पर जहरीली वस्तु निगल ली। घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और परिजनों ने उसे तुरंत एंबुलेंस की सहायता से फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, सुखचैन सिंह ने बताया कि उनके भांजे कुलविंदर सिंह के छोटे भाई गग्गू का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इस मौके पर घर में एक छोटा कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें रिश्तेदारों और बच्चों ने भी भाग लिया। सभी लोग डीजे पर गीत-संगीत के साथ जन्मदिन का जश्न मना रहे थे। DJ को लेकर हुई थी कहासुनी बताया जा रहा है कि देर रात होने के कारण डीजे संचालक ने गाने बंद कर दिए। इसी बात को लेकर कुलविंदर सिंह ने डीजे दोबारा चलाने की बात कही। इस दौरान कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद कुलविंदर सिंह ने गुस्से में आकर कोई जहरीली वस्तु निगल ली। युवक की हालत बिगड़ने पर परिवार के सदस्य घबरा गए और उसे तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है। डॉक्टरों की ओर से मामले की सूचना पुलिस को भी भेजी जा रही है, ताकि घटना के कारणों की जांच की जा सके। परिजनों का कहना है कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और जिस घर में जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक हुई इस घटना से सभी सदमे में हैं। उन्होंने युवक के बेहतर इलाज और जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
Source link







