चंडीगढ़ सेक्टर-26 स्थित महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान (MGSIPA) में गुरुवार दोपहर एसी का कंप्रेसर रिपेयर करते समय अचानक जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में रिपेयरिंग कर रहे 3 कर्मचारी झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर संस्थान में अफरा-तफरी मच गई।
.
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को नीचे उतारा और इलाज के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

कंप्रेसर में आग लगने के बाद निकलता धुआं।
निजी कंपनी से आए 3 कर्मी
जानकारी के अनुसार, मोहाली की एक निजी कंपनी के 3 कर्मचारी महात्मा गांधी संस्थान में एसी की मरम्मत करने पहुंचे थे। संस्थान के रिसेप्शन पर एंट्री दर्ज कराने के बाद तीनों कर्मचारी छत पर लगे एसी के कंप्रेसर की मरम्मत करने चले गए। रिपेयर का काम चल ही रहा था कि अचानक कंप्रेसर में तेज धमाका हो गया।
तीनों कर्मचारी चपेट में आए
हादसे के समय गुरविंदर सबसे आगे काम कर रहा था, जबकि उसके दो साथी पीछे खड़े थे। धमाके का सबसे ज्यादा असर गुरविंदर पर पड़ा। उसके दोनों हाथ, चेहरा और शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया। वहीं, पीछे खड़े दोनों कर्मचारी भी धमाके की चपेट में आकर घायल हो गए।
घटना के बाद संस्थान के कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। तीनों घायलों को सेक्टर-16 सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया
सेक्टर-26 थाना पुलिस भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एसी का कंप्रेसर रिपेयर करते समय अचानक ब्लास्ट हुआ। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही बरती गई।
मामले की जांच कर रही पुलिस
थाना-26 का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहीं प्रभारी इंस्पेक्टर सरिता राय ने बताया कि महात्मा गांधी संस्थान में एसी का कंप्रेसर रिपेयर करते समय ब्लास्ट होने की सूचना मिली थी। हादसे में 3 लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। मामले की जांच की जा रही है।








