![]()
विदेश जाकर बसने और सुनहरे भविष्य के सपने देखने वाले पंजाब के परिवारों में एक और शादी का दुखद और उलझा हुआ अंत सामने आया है। पठानकोट के पटेल चौक (एकता विहार) निवासी दिनेश और उनकी 70 वर्षीय बुजुर्ग मां ने बहू सपना पर 38 लाख रुपए से अधिक हड़पने, अवैध संबंध, मारपीट, झूठे पर्चे और धोखे से वीजा कैंसिल कराकर डिपोर्ट करवाने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। वहीं दूसरी ओर, लड़की के पिता बिचौलिए और रिश्तेदारों ने इन आरोपों का तीखा जवाब दिया है। लड़की पक्ष का कहना है कि पूरे परिवार को विदेश में सेटल कराने वाली बेटी पर ‘बदचलनी’ और ‘ठगी’ का झूठा कीचड़ सिर्फ इसलिए उछाला जा रहा है, क्योंकि पति कामचोर था और प्रताड़ना से तंग आकर पुलिस बुलाने पर अब वो यह ड्रामा रच रहा है।
जानिए दोनों परिवारों ने एक दूसरे पर क्या आरोप लगाए पति दिनेश और मां के आरोप:
38 लाख रुपये खर्च कर भेजा विदेश: शादी (25 अक्टूबर 2020) और बच्चे के जन्म के बाद दिनेश ने अपने दिवंगत पिता की जमा पूंजी से करीब 38 लाख रुपए खर्च कर पत्नी को जुलाई 2023 में न्यूजीलैंड की पढ़ाई पर भेजा और खुद भी बेटे संग वहां गया। बदचलनी और अफेयर का दावा: दिनेश का आरोप है कि न्यूजीलैंड पहुंचते ही पत्नी का रवैया बदल गया और वो अन्य युवक के संपर्क में आ गई। दोबारा गर्भवती होने पर पूछने पर उसने कथित तौर पर कहा यह बच्चा उसी युवक का है, तुझसे जो बनता है कर ले। मां से मारपीट और चोरी: 70 वर्षीय सास का आरोप है कि बहू ने उन्हें सीढ़ियों से धक्का देकर उनका हाथ तोड़ दिया। इसके बाद वह घर से जरूरी कागजात, 2 साल का बच्चा, मशीनरी और पुश्तैनी सोने का हार लेकर अलग हो गई। डिपोर्टेशन और धमकियां: पत्नी पर दुष्कर्म और मेंटेनेंस के झूठे केस लगाकर वीजा रद्द कराने और पठानकोट वापस भेजने का आरोप है। ससुराल पक्ष और जीजा पर धमकियां देने के संगीन आरोप लगाए गए हैं। लड़की के परिवार और बिचौलिये का कड़ा पलटवार: पति कामचोर, पत्नी की कमाई पर पल रहा था परिवार: लड़की के पिता ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनकी बेटी ने कड़ी मेहनत से IELTS पास की और पति, सास-ससुर को विदेश बुलाकर सेटल किया। पति कोई काम नहीं करता था और जब उस पर काम करने का दबाव बनाया गया, तो विवाद खड़ा कर दिया। घर में कैद करने और भागने का सच: परिजनों का दावा है कि काम से लौटने पर मां-बेटे ने बेटी को घर में बंद कर दिया था। बेटी ने किसी तरह भागकर न्यूजीलैंड पुलिस को बुलाया, जिसने वीडियो बनाकर उसे सामान दिलाया। इसके बाद पति-सास लैपटॉप और जॉइंट अकाउंट के पैसे लेकर भारत भाग आए। फर्जी फोटो और अबॉर्शन का सच: लड़की पक्ष ने साक्ष्य पेश करते हुए बताया कि दिनेश ने पत्नी की फोटो कुरियर कंपनी मालिक के साथ जोड़कर सोशल मीडिया पर डाली (जिस पर उस कंपनी मालिक ने एफआईआर दर्ज कराई है)। वहीं, अबॉर्शन का फैसला आर्थिक तंगी और दोनों की आपसी सहमति से हुआ था। कानूनी कार्रवाई की चेतावनी: लड़की पक्ष पंजाब पुलिस के एनआरआई (NRI) सेल और साइबर क्राइम डिपार्टमेंट में पति दिनेश के खिलाफ मानहानि, चरित्र हनन, चोरी और ब्लैकमेलिंग की लिखित शिकायत दर्ज करवाने जा रहा है। दोनों पक्षों की अंतिम मांगें
पति (दिनेश) की मांग: या तो पत्नी और बच्चा भारत आकर पठानकोट में बात करें, या फिर उसके पिता की मेहनत की कमाई के 38 लाख रुपए और पुश्तैनी सोने के गहने वापस किए जाएं। पत्नी पक्ष की चुनौती: लड़की के परिजनों ने पति को खुली चुनौती दी है कि यदि उसमें सच्चाई है तो वह एनआरआई सेल या पुलिस के सामने आकर आमने-सामने बैठकर बात करे, न कि मीडिया में झूठी बयानबाजी कर परिवार को बदनाम करे।
Source link







