![]()
मोगा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज किए हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 263 ग्राम हेरोइन और 153 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में, थाना निहाल सिंह वाला पुलिस ने गांव दीना साहिब के पास गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर वीरपाल कौर निवासी सैदोके को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरे मामले में, थाना अजीतवाल पुलिस ने गांव चूहड़चक के समीप पुल के पास कार्रवाई करते हुए तरसेम सिंह उर्फ सेमा को गिरफ्तार किया। उसके पास से 103 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीसरे मामले में एक आरोपी गिरफ्तार तीसरे मामले में, थाना कोट ईसे खां पुलिस ने गांव सिंहपुरा की दाना मंडी में छापेमारी कर अरशदीप सिंह निवासी जिला लुधियाना को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 200 ग्राम हेरोइन और 50 नशीली गोलियां बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। चौथे मामले में, थाना कोट ईसे खां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए रमेश सिंह उर्फ हरमेश और गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। इस मामले में गुरमीत कौर उर्फ मीतो की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। आरोपियों के कब्जे से 53 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। मोगा पुलिस ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशा तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
Source link







