![]()
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र माटी से सुशोभित गुरु रविदास कलश वंदन यात्रा मंगलवार देर शाम गोहाना पहुंची, जहां श्रद्धा, आस्था और सामाजिक समरसता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा गुरुग्राम से शुभारंभ की गई इस यात्रा का गोहाना के डॉ. अंबेडकर चौक पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश का वंदन कर संत गुरु रविदास जी को नमन किया तथा यात्रा जयकारों और भक्ति गीतों के बीच रविदास मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। डॉ. अंबेडकर चौक पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ गुरु रविदास कलश वंदन यात्रा के गोहाना पहुंचते ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंग गया। श्रद्धालुओं ने गुरु रविदास जी के जयकारे लगाए और पवित्र कलश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा के स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की भी बड़ी भागीदारी रही। पूरे मार्ग पर श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा। डॉ. अरविंद शर्मा बोले- गुरु रविदास के विचार आज भी प्रासंगिक कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और उपदेशों से समाज को जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के विचार आज भी समाज को एकजुट रखने और सामाजिक समरसता स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं। जन्मस्थली की पवित्र माटी युक्त कलश का प्रदेशभर में वंदन होना हर श्रद्धालु के लिए गर्व का विषय है। भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने निभाई सक्रिय भूमिका स्वागत कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र मुदगिल, सुमित कक्कड़, संजय दहिया सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र मुदगिल ने कहा कि यात्रा के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रदेश और जिला पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों, शक्ति केंद्र प्रमुखों, बूथ अध्यक्षों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
गुरु रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि यह कलश वंदन यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संत गुरु रविदास जी के महान विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने समानता, भाईचारे और मानवता की जो नींव रखी, वही आज भी समाज को जोड़ने का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने सभी से गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। इनकी रही विशेष उपस्थिति कार्यक्रम में भाजपा मंडल महामंत्री डॉ. विजेंद्र खिची, जस्सी खुराना, महेंद्र चिड़ाना, अरुण निनानिया, कुलदीप कौशिक, विनोद शर्मा, महाबीर सभरवाल, ऋषि सभरवाल, तिलक राज, सतीश उहलाना, जितेंद्र शर्मा, बलबीर धानिया, बीना सभरवाल, प्रसन्नी देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Source link







