![]()
रोहतक के रहने वाले इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान बल्हारा (23) ने शुक्रवार शाम 4 बजे सुसाइड कर लिया। उन्होंने बहु अकबरपुर गांव स्थित अपने घर में फंदा लगाकर जान दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। शाम सवा 7 बजे पुलिस ने मुस्कान का शव PGI भेजा। इसके बाद घर पर मुस्कान के मायके वालों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस की टीम शीलू को भी अपने साथ ले गई। यह बात भी सामने आई है कि मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। हालांकि, पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया। बहु अकबरपुर SHO जसबीर ने सिर्फ इतना कहा कि अभी जांच कर रहे हैं। कल मुस्कान का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। वह महम के फरमाना गांव की रहने वाली थीं। उनकी 8 दिसंबर 2023 को शीलू के साथ शादी हुई। पिछले साल नवंबर में मुस्कान ने बेटे हार्दिक को जन्म दिया। पड़ोसन बोली- दरवाजा बंद कर फांसी लगाई शीलू के पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शाम करीब 4 बजे शीलू के घर से तेज आवाजें आ रही थीं। घर के सदस्य बाहर से गेट खटखटाते हुए मुस्कान को आवाज लगा रहे थे। कुछ देर बाद शीलू की रिश्तेदारी का एक युवक वहां पहुंचा और उसने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर मुस्कान फंदे से लटकी हुई मिली। सास-बहू के बीच विवाद का दावा महिला ने दावा किया कि मुस्कान और उसकी सास के बीच संबंध अच्छे नहीं थे। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मुस्कान का भाई भी शीलू के घर पर रहकर कबड्डी की प्रैक्टिस करता था। करीब एक महीने पहले मुस्कान के भाई और उसके साथियों का एक्सीडेंट हो गया था। हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि शीलू का साला और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एक दिन पहले दिलजीत के गाने पर रील बनाई मुस्कान ने सुसाइड से एक दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सिंगर दिलजीत दोसांझ के गाने ‘ओ घुमेया तू कर नी पटोला बनके, रेहा कर बिल्लो थोड़ा बन-ठन के’ पर एक रील अपलोड की थी। शीलू ने कहा था- परिवारवालों ने कराई शादी एक पॉडकास्ट में शादी को लेकर पूछे गए सवाल पर शीलू बल्हारा ने बताया था कि मेरा जन्म 2003 में हुआ था। मां लंबे समय से बीमार रहती हैं और उनके पैरों व कमर में तकलीफ है। इसी वजह से परिवार ने मेरी कम उम्र में ही शादी कराने का फैसला लिया, लेकिन मैं बेहद खुश हूं। मुस्कान की तीन तस्वीरें देखिए… 3 पॉइंट में जानिए कौन हैं शीलू बल्हारा 1. बहु अकबरपुर गांव के रहने वाले शीलू बल्हारा रोहतक में बहु अकबरपुर गांव के रहने वाले हैं। घर में पिता सुरेंद्र, मां निशा देवी, दादी, एक बहन और भाई मनीष हैं। पिता सुरेंद्र बल्हारा साधारण किसान हैं। मनीष भी कबड्डी खेलते हैं। शीलू जूडो खेलते थे। फिर पहलवानी करने लगे। छह साल की उम्र में कबड्डी खेलना शुरू कर दिया। जब जवानी में कदम रखा तो उनका नाम पंजाब तक पहुंचा। पंजाब की अलग-अलग टीमों में शीलू खेलने के लिए जाते रहते है। 2. चीते के नाम से फेमस हैं शीलू 12वीं तक पढ़े शीलू सर्कल टाइप कबड्डी खेलते हैं। पंजाब में ‘हरियाणा आला चीता’ के नाम से फेमस हैं। विदेशों में शीलू कबड्डी खेलने जाते हैं। वे कैचर हैं। पिछले साल अमेरिका में हुए कबड्डी टूर्नामेंट में भी वे बेस्ट कैचर चुने गए थे। 3. ट्रैक्टर, कंबाइन और बुलेट जीत चुके शीलू कबड्डी मुकाबलों में पंजाब से अब तक 24 ट्रैक्टर, 50 से ज्यादा बुलेट और एक कंबाइन जीतकर घर ला चुके है। उन्होंने मुकाबलों में जीतकर लाई बुलेट को कभी बेचा नहीं है, वे इन्हें अपने दोस्तों या फिर खुद के यूज के लिए ही रखते हैं। ट्रैक्टर और दूसरे उपकरण वे बेच देते हैं। बड़ी संख्या में किसानी से जुड़े उपकरण पंजाब से जीतकर ला चुके हैं।
Source link







