![]()
फरीदाबाद में गुरुवार को देर राम तक चली कांग्रेस की संगठनात्मक समीक्षा बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के सामने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान मेहनत करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई, जबकि कई वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रत्याशी बैठक में भी मौजूद नहीं रहे। सेवा दल सहित संगठन के कई मोर्चों की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए गए। इन शिकायतों पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने साफ कहा कि पार्टी अनुशासन से कोई समझौता नहीं करेगी। जो नेता संगठन की जिम्मेदारियों का पालन नहीं करेंगे और पार्टी के प्रोटोकॉल की अनदेखी करेंगे, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी- अध्यक्ष का दो दिवसीय दौरा हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का दो दिवसीय फरीदाबाद दौरा गुरुवार से शुरू हुआ। पहले दिन दोनों नेताओं ने पृथला, बड़खल, बल्लभगढ़, एनआईटी फरीदाबाद, तिगांव सहित जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों, पूर्व विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग संगठनात्मक समीक्षा एवं संवाद किया। इन बैठकों का उद्देश्य हाल के चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा करना, मतदाता सूची सत्यापन अभियान (SIR/ASDD) की प्रगति जानना और आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करना रहा। बैठक में कार्यकर्ता बोले- नहीं मिला उचित सम्मान बैठक में कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव के समय मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारियां नहीं मिलीं। कुछ नेताओं के बैठक में शामिल होने के बजाय स्वागत और प्रोटोकॉल में व्यस्त रहने पर भी नाराजगी जताई गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यदि संगठन को मजबूत करना है तो सभी नेताओं को समान रूप से सक्रिय रहना होगा और जमीनी स्तर पर काम करने वालों को महत्व देना होगा। राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिलाया भरोसा राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनकी हर शिकायत और सुझाव को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस का संगठन मजबूत है, लेकिन पिछले तीन चुनावों में अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। इसलिए प्रदेश नेतृत्व अब सीधे कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर कमियों की पहचान कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक बदलाव किए जाएंगे और कार्यकर्ताओं के सुझावों के आधार पर आगे की रणनीति तय होगी। राहुल गांधी को संसद में बात रखने का अवसर नहीं दिया : राव नरेंद्र बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संसद में अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा है और केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने हरियाणा की भाजपा सरकार पर भी विकास कार्यों में विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि संगठन को मजबूत कर कांग्रेस आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
Source link







