चंडीगढ़ में युवती से जिम ट्रेनर ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की। AI जनरेटेड फोटो
चंडीगढ़ में युवती से जिम ट्रेनर ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने करीब दो महीने पहले अपनी बड़ी बहन के साथ जिम जाना शुरू किया था। दोनों रोजाना की तरह बुधवार शाम भी जिम करने के लिए जिम पहुंची थीं।
.
शिकायत के अनुसार, उस समय जिम ट्रेनर ने पहले बड़ी बहन को ऊपर वाले फ्लोर पर साइकिल एक्सरसाइज करने के लिए भेज दिया। इसके बाद उसने छोटी बहन से कहा कि वह नीचे स्ट्रेचिंग करेगी।
आरोप है कि स्ट्रेचिंग कराने के बहाने ट्रेनर युवती को जिम के उस हिस्से में ले गया, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। वहां उसने बिना युवती की सहमति के उसके साथ अश्लील हरकत की। आरोपी ने पहले उसके शरीर को गलत तरीके से छुआ और फिर उसके सीने पर भी हाथ लगाया।
पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने जिम ट्रेनर दीपक के खिलाफ रात करीब 11:15 बजे FIR दर्ज की। वहीं इस दौरान ट्रेनर का पक्ष लेने के आरोप में बीजेपी जिलाध्यक्ष रेखा सूद के खिलाफ नारेबाजी की गई।

परिवार ने बीजेपी जिलाध्यक्ष के खिलाफ की नारेबाजी।
परिवार जिम पहुंचे, कुछ देर बाद रेखा सूद भी पहुंचीं
पीड़िता के पिता का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह परिवार के साथ जिम पहुंचे। इसी दौरान कुछ देर बाद भाजपा चंडीगढ़ की जिलाध्यक्ष रेखा सूद भी वहां पहुंच गईं। उनके साथ कई अन्य लोग भी मौजूद थे। परिवार का कहना है कि वहां पहुंचते ही रेखा सूद ने जिम ट्रेनर का पक्ष लेना शुरू कर दिया।
धमकाने और दबाव बनाने का लगाया आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि रेखा सूद ने उनसे कहा कि वे जिम ट्रेनर पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। परिवार का दावा है कि उन्होंने कहा, “जो करना है कर लो, कुछ नहीं होगा।” पीड़िता के पिता का कहना है कि इस तरह की बातों से उनके परिवार पर दबाव बनाने की कोशिश की गई ताकि वे शिकायत वापस ले लें या आगे कार्रवाई न करें।
धमकी देने वालों पर कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस ने युवती की शिकायत पर जिम ट्रेनर के खिलाफ तो मामला दर्ज कर लिया, लेकिन जिन लोगों पर धमकाने और दबाव बनाने के आरोप लगाए गए, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के पिता सेक्टर-39 थाना पहुंचे।
BJP जिलाध्यक्ष ने आरोपों को बताया गलत
- जिम ट्रेनर को अच्छी तरह जानती हूं: भाजपा चंडीगढ़ की जिलाध्यक्ष रेखा सूद ने पीड़ित परिवार के सभी आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि वह कई सालों से उस जिम में जाती हैं और जिम ट्रेनर को अच्छी तरह जानती हैं। उनके साथ कभी कोई गलत हरकत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वह किसी का पक्ष लेने नहीं गई थीं और न ही उन्होंने किसी को धमकाया।
- कार्यक्रम से सीधे पहुंची थीं जिम: रेखा सूद ने बताया कि घटना वाले दिन वह सेक्टर-37 में एक कार्यक्रम में मौजूद थीं। इसी दौरान उनके एक कार्यकर्ता का फोन आया और जिम में विवाद की जानकारी दी। चूंकि उनका घर पास में है, इसलिए वह सिर्फ यह जानने के लिए जिम पहुंची थीं कि मामला क्या है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी को धमकी नहीं दी और न ही किसी पर समझौते का दबाव बनाया। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
*************
ये खबर भी पढ़ें:
चंडीगढ़ में सांसद के 3000 समर्थकों पर FIR, लेकिन घुसे कैसे?:पंजाब पुलिस बॉर्डर तक छोड़ गई, सिर्फ एक बैरिकेडिंग; रिटायर्ड DGP ने बताई 2 बड़ी वजहें

पंजाब के खडूर साहिब से खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह और बंदी सिखों की रिहाई को लेकर निकले अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के समर्थक मुख्यमंत्री भगवंत मान की चंडीगढ़ के सेक्टर 2 स्थित सरकारी कोठी के 1Km नजदीक तक पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ी। यहां तक कि वाटर कैनन पर भी कब्जा कर लिया। इस दौरान पुलिसवाले भी पिटे। (पढ़ें पूरी खबर)







