तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी6 दिन पहले
- कॉपी लिंक

ईरान ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित बातचीत को लेकर सख्त शर्त रख दी है। संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने कहा है कि जब तक लेबनान में सीजफायर लागू नहीं होता तब तक बातचीत शुरू नहीं होगी।
उन्होंने ईरान के फ्रीज किए गए फंड जारी करने की मांग की। गालिबाफ ने साफ किया कि ये दोनों मुद्दे वार्ता से पहले हल होना जरूरी हैं। इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच अहम बैठक होने वाली है।
ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पार्लियामेंट्री स्पीकर गालिबफ की लीडरशिप में ईरानी डेलीगेशन US अधिकारियों के साथ बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंच गया है।
वहीं अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस बातचीत के लिए पाकिस्तान रवाना हो गए हैं। उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर वह ईमानदारी से बातचीत करेगा तो अमेरिका तैयार है, लेकिन ‘खेल’ करने की कोशिश पर सख्त जवाब दिया जाएगा।
दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अगर डील नहीं होती, तो अमेरिका फिर हमला करेगा। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी युद्धपोतों को सबसे बेहतरीन हथियारों से लैस किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल किया जाएगा।

अमेरिका-ईरान के बीच इन मुद्दों पर बातचीत होनी है
- ईरान का न्यूक्लियर प्रोग्राम- अमेरिका का कहना है कि ईरान में कोई संवर्धन नहीं होगा। ईरान को अपना सारा हाई-लीवल इनरिच्ड यूरेनियम बाहर करना होगा और न्यूक्लियर फैसिलिटीज बंद या सीमित करनी होंगी।
- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज- दुनिया का बहुत सारा तेल और गैस इसी रास्ते से गुजरता है। ईरान अभी भी इसका नियंत्रण रखना चाहता है और टोल (फीस) लेने की बात कर रहा है। वहीं, अमेरिका चाहता है कि रास्ता पूरी तरह खुला और सुरक्षित हो, बिना किसी रुकावट या फीस के।
- बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम- अमेरिका ईरान की लंबी दूरी की मिसाइलों पर रोक लगाना चाहता है।
- सैंक्शंस हटाना- ईरान चाहता है कि सभी अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध तुरंत हटा दिए जाएं, फ्रोजन एसेट्स वापस मिलें और मुआवजा भी मिले।
इजराइली हमले से जुड़ी 3 तस्वीरें…

दक्षिणी लेबनान के बिंत जुबैल इलाके में गुरुवार को इजराइल के हमले के बाद उठता धुआं।

लेबनान की राजधानी बेरूत के अल-मजरा इलाके में गुरुवार को इजराइल ने एयरस्ट्राइक की।

लेबनान में बाबदा इलाके में गुरुवार को इजरइली हमले के बाद धुआं उठता हुआ।
ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
12:10 AM11 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी डेलिगेशन में शामिल स्पीकर ने कहा- अमेरिका पर भरोसा नहीं
ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने कहा है कि उनका देश बातचीत और समझौते के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए अमेरिका को ईमानदारी से समझौते की पेशकश करनी होगी और ईरान के अधिकारों को स्वीकार करना होगा। उन्होंने साफ कहा कि ईरान के पास सद्भावना है, लेकिन अमेरिका पर भरोसा नहीं।
गालिबाफ इस समय इस्लामाबाद में वार्ता के लिए पहुंचे ईरानी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।
11:40 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
EU ने इजराइल की नई बस्तियों की योजना की कड़ी निंदा की
यूरोपीय संघ (EU) ने इजराइल की वेस्ट बैंक और पूर्वी यरुशलम में 30 नई बस्तियां बसाने की योजना की कड़ी निंदा की है। EU ने कहा कि कब्जे वाले क्षेत्रों में बस्तियां बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अवैध है। उसने यह भी याद दिलाया कि पिछले साल जुलाई में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) ने भी इसे अवैध माना था।
संगठन ने इजराइली सरकार से इन फैसलों को वापस लेने, अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने और कब्जे वाले क्षेत्रों में फिलिस्तीनी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही EU ने कहा कि वह एक ऐसे स्थायी समाधान के पक्ष में है, जिसमें इजराइल और फिलिस्तीन दोनों देश सुरक्षित सीमाओं के भीतर शांति से साथ रहें।
11:02 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UN प्रमुख की अपील- अमेरिका-ईरान इस वार्ता को सफल बनाएं
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अमेरिका और ईरान से पाकिस्तान में होने वाली वार्ता को शांति का महत्वपूर्ण मौका मानते हुए इसका पूरा लाभ उठाने की अपील की है। उनके प्रवक्ता स्टेफन दुजारिक ने कहा कि यह बातचीत तनाव कम करने और दोबारा संघर्ष शुरू होने से रोकने का एक बड़ा अवसर है।
उन्होंने बताया कि UN प्रमुख के विशेष दूत जीन अर्नो, जो इस समय तेहरान में हैं, क्षेत्र में ही रहेंगे ताकि कूटनीतिक प्रयासों को समर्थन मिल सके। हालांकि, फिलहाल उन्हें खास तौर पर इस्लामाबाद वार्ता के लिए नहीं भेजा जा रहा है, लेकिन संयुक्त राष्ट्र इस पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखेगा।
10:40 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जल्द खुल जाएगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में होने वाली बातचीत से पहले भरोसा जताया है। उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके सामने बहुत बड़ा काम है। वेंस इस अहम वार्ता में अमेरिकी टीम का नेतृत्व करेंगे।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि जल्द ही बातचीत के नतीजे सामने आएंगे। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जल्द खुल जाएगा, चाहे ईरान साथ दे या नहीं। यह समुद्री रास्ता तेल सप्लाई के लिए बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है।
10:10 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
गल्फ देशों से 8.4 लाख से ज्यादा भारतीय लौटे
भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया है कि 28 फरवरी से अब तक 8.43 लाख से ज्यादा भारतीय गल्फ और पश्चिम एशिया क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं। MEA के अनुसार यूएई से आज करीब 95 उड़ानें भारत आने की उम्मीद है, जबकि सऊदी अरब, ओमान और कतर से भी सीमित उड़ान सेवाएं जारी हैं। हालांकि कुवैत का एयरस्पेस अब भी बंद है, इसलिए वहां से भारतीयों को सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट के जरिए भारत भेजा जा रहा है।
मंत्रालय के मुताबिक ईरान से अब तक 2,180 भारतीयों को सुरक्षित निकालकर आर्मेनिया और अज़रबैजान के रास्ते भारत भेजा गया है, जिनमें 981 छात्र और 657 मछुआरे शामिल हैं। सरकार ने कहा कि उसकी प्राथमिकता क्षेत्र में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा, सहायता और जल्द वापसी सुनिश्चित करना है।
09:10 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैन्य ठिकानों पर हमला किया
हिज्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसने दक्षिणी लेबनान के दो इलाकों में मौजूद इजराइली सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। संगठन के अनुसार, पहला हमला बय्यादा (Bayada) इलाके में मौजूद इजराइली सैनिकों पर किया गया, जो टायर शहर से करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
इसके अलावा हिज्बुल्लाह ने शामा में भी इजराइली सैन्य पोजिशनों पर हमला करने की बात कही है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब लेबनान और इजराइल के बीच संभावित सीधी वार्ता की तैयारी चल रही है, लेकिन जमीन पर संघर्ष अब भी जारी है।
08:46 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान-इजराइल के बीच सीधी वार्ता अगले मंगलवार से शुरू होगी
लेबनान के राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक अमेरिका में लेबनानी राजदूत नादा हमादेह माकूद और इजराइल के अमेरिकी राजदूत येचिएल लेइटर के बीच फोन पर बातचीत हुई है। यह दोनों देशों के बीच हाल के समय में पहला सीधा संपर्क माना जा रहा है, जिसे क्षेत्रीय तनाव कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस बातचीत में दोनों पक्षों ने मंगलवार को अमेरिकी विदेश विभाग (US State Department) में मुलाकात करने पर सहमति जताई है। इस बैठक में सीजफायर और औपचारिक शांति वार्ता के लिए एक समय-सीमा तय करने पर चर्चा होगी। इस कॉल में बेरूत में तैनात अमेरिकी राजदूत मिशेल इस्सा भी शामिल रहे।
08:20 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी डेलीगेशन बातचीत के लिए पाकिस्तान पहुंचा
ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पार्लियामेंट्री स्पीकर गालिबफ की लीडरशिप में ईरानी डेलीगेशन US अधिकारियों के साथ बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंच गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें कई बड़े राजनीतिक और सुरक्षा अधिकारी शामिल हैं। डेलिगेशन में शामिल प्रमुख सदस्य-
- ईरान की संसद (मजलिस) के स्पीकर- मोहम्मद बाकर गालिबाफ
- ईरान के विदेश मंत्री- अब्बास अराघची
- सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी / डिफेंस काउंसिल के सचिव- अली अकबर अहमदियान
- केंद्रीय बैंक के गवर्नर- अब्दोलनासेर हेम्मती
- पूर्व IRGC कमांडर- मोहम्मद बाकर जोलघद्र
इसके अलावा ईरानी संसद के कई सदस्य भी इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
08:08 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल के हमले में लेबनान के 13 जवानों की मौत
लेबनान और इजराइल के बीच अगले हफ्ते प्रस्तावित सीधी बातचीत से पहले शुक्रवार को संघर्ष और तेज हो गया। दक्षिणी लेबनान में इजराइली हवाई हमले में लेबनान की स्टेट सिक्योरिटी फोर्स के 13 जवानों की मौत हो गई। यह हमला नबातियेह शहर की एक सरकारी इमारत पर किया गया।
वहीं, हिज्बुल्लाह ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल के अशदोद बंदरगाह स्थित नौसैनिक अड्डे पर हमला करने का दावा किया। इसके अलावा उसने उत्तरी इजराइल और दक्षिणी लेबनान में मौजूद इजराइली सैनिकों पर कई और हमले करने की बात कही है।
07:29 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका में पाकिस्तानी राजदूत बोले- सफल वार्ता के लिए सीजफायर की शर्तें जरूरी
अमेरिका में पाकिस्तान के राजदूत रिजवान सईद शेख ने कहा है कि किसी भी बातचीत की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि वह किस माहौल में हो रही है और सीजफायर की शर्तों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि युद्धविराम की शर्तें जमीन पर लागू नहीं होती हैं, तो शांति वार्ता के सफल होने की संभावना कम हो सकती है।
उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच शुरुआती समझौते को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं, खासकर लेबनान के मुद्दे पर, जहां इजराइल और हिज्बुल्लाह के बीच अब भी तनाव और संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। शेख के मुताबिक इन मतभेदों का असर बातचीत पर पड़ सकता है और यह वार्ता पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
07:06 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल का दावा- बुधवार को किए हमले में 180 हिजबुल्लाह लड़ाकों की मौत
इजराइली सेना ने दावा किया है कि उसने बुधवार को बेरूत, बेका घाटी और दक्षिणी लेबनान में एक साथ लगभग 100 ठिकानों पर हमला किया। ये हमले करीब एक मिनट के भीतर किए गए और इनमें कम से कम 180 हिज्बुल्लाह लड़ाके मारे गए।
06:37 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
जॉर्डन सीमा पर तस्करी की कोशिश नाकाम, IDF ने ड्रोन मार गिराया
इजराइली सेना (IDF) ने बताया है कि जॉर्डन सीमा पर तस्करी की एक संदिग्ध कोशिश को नाकाम कर दिया गया। सेना के मुताबिक बुधवार शाम एक छोटा ड्रोन सीमा की ओर बढ़ रहा था, जिसे एयर डिफेंस सिस्टम ने बीच में ही इंटरसेप्ट कर मार गिराया।
इस ड्रोन का इस्तेमाल संभवतः हथियार या अन्य प्रतिबंधित सामान की तस्करी के लिए किया जा रहा था। IDF ने कहा कि हाल के वर्षों में जॉर्डन और मिस्र सीमा के रास्ते ड्रोन के जरिए हथियारों और कभी-कभी नशीले पदार्थों की तस्करी की कोशिशें लगातार बढ़ी हैं।
06:11 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में इजराइली हमलों से मौतों का आंकड़ा 357 पहुंचा
लेबनान में बुधवार को इजराइल के हवाई हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 357 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कई इलाकों में मलबा हटाने का काम जारी है और बड़ी संख्या में शवों की पहचान डीएनए जांच के बाद ही हो पाएगी।
यह हाल के सालों में लेबनान पर हुए सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है। मंत्रालय के मुताबिक, 2 मार्च से अब तक इजराइली हमलों में कुल 1,953 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6,303 लोग घायल हुए हैं।
05:44 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
शहबाज शरीफ बोले- अमेरिका-ईरान के बीच कल इस्लामाबाद में बातचीत होगी
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की मेजबानी करना सिर्फ पाकिस्तान के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे मुस्लिम दुनिया के लिए गर्व का पल है। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताया और कहा कि यह पाकिस्तान की कूटनीतिक भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने यह भी बताया कि कल अमेरिका और ईरान के शीर्ष नेता इस्लामाबाद में बातचीत के लिए मौजूद होंगे।
शरीफ ने कहा कि जो पक्ष पहले युद्ध जैसी स्थिति में आमने-सामने थे, वे अब बातचीत के जरिए अपने मतभेद सुलझाने पर सहमत हुए हैं। उनके अनुसार यह शांति और संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो क्षेत्र में स्थिरता और बेहतर संबंधों की उम्मीद बढ़ाता है।
05:25 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान के पास बातचीत करने के अलावा कोई रास्ता नहीं
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान को यह समझ नहीं आ रहा है कि उसके पास अब कोई मजबूत विकल्प नहीं बचा है। ट्रम्प के मुताबिक ईरान फिलहाल सिर्फ होर्मुज स्ट्रेट का इस्तेमाल करके दुनिया पर थोड़े समय के लिए दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।
ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि ईरान के पास इस समय बातचीत करने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। ईरान होर्मुज स्ट्रेट के जरिए थोड़े समय के लिए दुनिया से वसूली करने की कोशिश कर रहा है। ईरान अभी सिर्फ इसलिए सुरक्षित है क्योंकि वह बातचीत करना चाहता है।
04:58 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान लड़ाई से ज्यादा ‘फेक न्यूज’ फैलाने में माहिर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान पर तंज कसते हुए कहा है कि वह लड़ाई से ज्यादा ‘फेक न्यूज’ फैलाने और पब्लिक रिलेशन संभालने में माहिर है।
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि ईरान की असली ताकत युद्ध में नहीं, बल्कि अपनी छवि बनाने और मीडिया को संभालने में है।
04:38 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अमेरिका लेबनान में सीजफायर लागू कराए
ईरान ने कहा है कि अमेरिका लेबनान में सीजफायर लागू कराए और अपने वादों को निभाए। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि सीजफायर समझौते में लेबनान को भी शामिल किया जाना चाहिए और वहां जारी इजराइली हमले तुरंत रुकने चाहिए।
उन्होंने लेबनान में ईरान के नामित राजदूत मोहम्मद रजा शिबानी के साथ फोन पर बातचीत के दौरान यह मुद्दा उठाया। अराघची ने कहा कि इजराइल के हमले सीजफायर की भावना के खिलाफ हैं और इन्हें रोकना जरूरी है।
इससे पहले ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ भी साफ कर चुके हैं कि लेबनान में सीजफायर लागू होने तक अमेरिका के साथ बातचीत शुरू नहीं की जाएगी।
04:26 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- हमारी उंगली ट्रिगर पर है
अमेरिका के साथ प्रस्तावित बातचीत से पहले ईरान ने सख्त चेतावनी दी है। ईरान की सशस्त्र सेनाओं ने कहा है कि उनकी उंगली ट्रिगर पर है और वे किसी भी स्थिति के लिए तैयार हैं।
सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका और इजराइल के बार-बार भरोसा तोड़े जाने के कारण यह सतर्कता बरती जा रही है। ईरान ने यह भी साफ किया है कि वह होर्मुज स्ट्रेट पर अपना नियंत्रण नहीं छोड़ेगा, जो वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम मार्ग है।
04:03 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- भारत नेईरानी तेल टैंकरों को सिका पोर्ट पर लगने की इजाजत दी
भारत सरकार ने ईरानी तेल लेकर आ रहे चार जहाजों को गुजरात के सिका पोर्ट पर लगने की विशेष अनुमति दी है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक यह फैसला रिलायंस इंडस्ट्रीज के अनुरोध पर लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, शिपिंग मंत्रालय ने काविज, लेनोर, फेलिसिटी और हेडी नाम के जहाजों को एक बार की छूट दी है। ये सभी जहाज ईरानी तेल लेकर आ रहे हैं और इनमें से कुछ ‘शैडो फ्लीट’ का हिस्सा हैं।
यह फैसला होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से बनी आपात स्थिति के चलते लिया गया है। आमतौर पर 20 साल से ज्यादा पुराने जहाजों के लिए सख्त नियम होते हैं, लेकिन इस बार उनमें ढील दी गई है।
हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि रिलायंस इस तेल को प्रोसेस करेगा या नहीं, क्योंकि कंपनी अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों और भारतीय नियमों का पालन सुनिश्चित करना चाहती है।
भारत ने मई 2019 के बाद से ईरान से तेल आयात बंद कर रखा था, लेकिन हाल ही में अमेरिका से मिली अस्थायी छूट के बाद ऐसा हुआ है।
03:40 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट: ईरान से नागरिकों की रिहाई की मांग करेगा अमेरिका
ईरान के साथ होने वाली अहम बातचीत में अमेरिका अपने नागरिकों की रिहाई का मुद्दा उठा सकता है। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस्लामाबाद में प्रस्तावित वार्ता में यह मुद्दा शामिल होने की संभावना है।
व्हाइट हाउस और ईरान की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
03:22 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला-लेबनान में सीजफायर से पहले अमेरिका से बातचीत नहीं
ईरान ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित बातचीत को लेकर सख्त रुख अपनाया है। संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने कहा है कि जब तक लेबनान में सीजफायर लागू नहीं होता, तब तक बातचीत शुरू नहीं की जाएगी।
गालिबाफ ने कहा कि लेबनान में युद्धविराम बातचीत की प्रमुख शर्त है। इसके साथ ही उन्होंने ईरान के फ्रीज किए गए फंड को जारी करने की भी मांग रखी।
यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता की तैयारी चल रही है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच कई मुद्दों पर मतभेद बने हुए हैं।
ईरान लगातार लेबनान में इजराइली हमलों का विरोध कर रहा है और इसे बातचीत से जोड़ते हुए सख्त रुख बनाए हुए है।
02:49 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल बोला- जंग में 1400 हिजबुल्लाह सदस्य ढेर
इजराइल ने दावा किया है कि लेबनान में जारी जंग के दौरान अब तक 1400 हिजबुल्लाह सदस्यों को मार गिराया गया है। इजराइली सेना (IDF) ने अपने ताजा अपडेट में यह जानकारी दी है।
सेना के मुताबिक, मार्च की शुरुआत से हमले तेज किए गए हैं और इस दौरान 4300 हिजबुल्लाह ठिकानों को भी नष्ट किया गया है। IDF ने कहा कि उसकी पांच सैन्य डिवीजन दक्षिणी लेबनान में एक साथ टार्गेटेड ऑपरेशन चला रही हैं।
वहीं, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 2 मार्च के बाद से अब तक 1888 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 163 बच्चे शामिल हैं।
02:38 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान होर्मुज से गुजरने की फीस अपनी करेंसी रियाल में वसूलेगा
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों के लिए एक अहम प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत ट्रांजिट फीस अब उसकी अपनी करेंसी रियाल में वसूली जा सकती है।
ईरान की संसद की नेशनल सिक्योरिटी कमिशन के प्रमुख के मुताबिक, यह प्रस्ताव भुगतान प्रणाली में बदलाव लाने के लिए तैयार किया गया है।
यह कदम डॉलर पर निर्भरता कम करने और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल सप्लाई होती है। ऐसे में इस फैसले का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार और व्यापार पर पड़ सकता है।
अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और भुगतान व्यवस्था में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
02:19 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी दूतावास ने भारत में डोनेशन से जुड़े बैंक खाते बंद किए
भारत में ईरानी दूतावास ने डोनेशन से जुड़े अपने सभी बैंक खाते बंद करने का फैसला लिया है। दूतावास ने लोगों से अपील की है कि अब किसी भी खाते में पैसा ट्रांसफर न करें।
मार्च 2026 में मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच दूतावास ने भारत के लोगों से आर्थिक मदद मांगी थी। 14 मार्च को इसके लिए आधिकारिक बैंक खातों की जानकारी साझा की गई थी, ताकि युद्ध प्रभावित लोगों के लिए दवाइयां और जरूरी सामान खरीदा जा सके।
इस अपील पर बड़ी संख्या में भारतीयों ने सहयोग किया और दान भेजा। हालांकि, बाद में विदेश में सीधे फंड ट्रांसफर को लेकर नियमों की बाधाएं सामने आईं, जिससे प्रक्रिया मुश्किल हो गई। इसके साथ ही फर्जी खातों के जरिए धोखाधड़ी की आशंका भी बढ़ने लगी थी।
इन परिस्थितियों को देखते हुए दूतावास ने फैसला लिया कि अब आगे कोई दान नहीं लिया जाएगा। साथ ही पहले मिले पैसे का इस्तेमाल भारत में ही जरूरी सामान खरीदने में किया जाएगा।
दूतावास का कहना है कि यह कदम किसी भी तरह की गड़बड़ी या गलत लेनदेन से बचने के लिए उठाया गया है।
02:12 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई की याद में 40वें दिन भारत में श्रद्धांजलि कार्यक्रम
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के 40वें दिन नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस मौके पर दूतावास में इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का झंडा फहराया गया। यह कार्यक्रम 40 दिन की शोक अवधि के तहत आयोजित किया गया, जो शिया परंपरा में खास महत्व रखता है।
ईरान खामेनेई की मौत को ‘शहादत’ के रूप में देख रहा है और देश के साथ-साथ विदेशों में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास में लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे और कंडोलेंस बुक में संदेश दर्ज किए थे।
02:10 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में इजराइली एयर स्ट्राइक में 6 की मौत
दक्षिणी लेबनान में इजराइली एयर स्ट्राइक में 6 लोगों की मौत हो गई। लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी (NNA) के मुताबिक, यह हमला ज्बा’आ इलाके में एक कारवॉश सेंटर पर हुआ।
रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में सेंटर का मालिक, उसके दो बेटे और तीन अन्य लोग शामिल हैं, जो हमले के वक्त मौके पर मौजूद थे।
01:53 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट: PAK पीएम की सोशल मीडिया पोस्ट अमेरिका ने तैयार कराई
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर खुलासा हुआ। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पोस्ट को तैयार करने में व्हाइट हाउस की सीधी भूमिका थी और पोस्ट करने से पहले मंजूरी भी दी गई थी।
इस पोस्ट में शरीफ ने ट्रम्प से ईरान के लिए तय डेडलाइन दो हफ्ते बढ़ाने की अपील की थी, ताकि कूटनीतिक प्रयास आगे बढ़ाए जा सकें।
उन्होंने ईरान से भी होर्मुज स्ट्रेट दो हफ्ते के लिए खोलने और सभी पक्षों से सीजफायर का पालन करने की अपील की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, यह डेडलाइन से पहले की आखिरी कोशिश थी, जब पाकिस्तान दोनों पक्षों के लिए समाधान का रास्ता निकालने की कोशिश कर रहा था।
शुरुआत में यह पोस्ट ड्राफ्ट हेडिंग के साथ शेयर हुआ था, जिससे विवाद खड़ा हो गया था, हालांकि व्हाइट हाउस ने साफ किया कि ट्रम्प ने इसे खुद नहीं लिखा। बाद में अमेरिका और ईरान दो हफ्ते के सीजफायर पर सहमत हुए और इस्लामाबाद में बातचीत की योजना बनी, ताकि इस अस्थायी समझौते को स्थायी शांति में बदला जा सके।
01:43 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई ने खाड़ी देशों से कहा- सही पक्ष में खड़े हों
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई ने खाड़ी देशों से सही पक्ष चुनने की अपील की है। उन्होंने अमेरिका और इजराइल पर भरोसा न करने की सलाह दी है।
सोशल मीडिया पर जारी बयान में खामेनेई ने कहा कि मौजूदा हालात को समझना जरूरी है और देशों को सोच-समझकर फैसला लेना चाहिए। खामेनेई ने हालिया युद्ध में ईरान के टिके रहने को चमत्कार बताया।
01:22 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह चीफ बोले- आखिरी सांस तक संघर्ष जारी रहेगा
हिजबुल्लाह चीफ नईम कासिम ने ऐलान किया है कि उनका संघर्ष आखिरी सांस तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का ‘रेजिस्टेंस’ तब तक चलता रहेगा, जब तक उसके पास लड़ने की ताकत है।
शुक्रवार को जारी बयान में कासिम ने इजराइल पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वह जमीन पर अपने मकसद हासिल करने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाया।
उन्होंने कहा कि इजराइल हिजबुल्लाह के मिसाइल हमलों को भी नहीं रोक सका है और संगठन अपनी सैन्य क्षमता बनाए हुए है।
कासिम ने दोहराया कि हिजबुल्लाह पहले जैसे हालात में लौटने को तैयार नहीं है और आगे भी सख्त रुख अपनाएगा।

तस्वीर हिजबुल्लाह चीफ नईम कासिम की है। उन्हें 2024 में संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
01:08 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
वेंस बोले- ईरान ने खेल करने की कोशिश की तो नरमी नहीं दिखाएंगे
पाकिस्तान रवाना होते वक्त वेंस ने कहा कि अगर ईरान ईमानदारी से बातचीत करता है तो अमेरिका भी खुले मन से आगे बढ़ने को तैयार है।
वेंस ने कहा, “अगर ईरान गुड फेथ में बातचीत करना चाहता है तो हम भी तैयार हैं, लेकिन अगर वह हमारे साथ ‘खेल’ करने की कोशिश करेगा, तो हमारी टीम बिल्कुल भी नरम रवैया नहीं अपनाएगी।”
01:03 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
वेंस बोले- ट्रम्प ने बातचीत के लिए गाइडलाइंस तय कर दी है
पाकिस्तान रवाना होने से पहले वेंस ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने वार्ता के लिए साफ गाइडलाइंस तय कर दी हैं।
वॉशिंगटन DC में पत्रकारों से बातचीत में वेंस ने कहा कि बातचीत इन्हीं तय दिशा-निर्देशों के आधार पर आगे बढ़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगर बातचीत सही तरीके से हुई तो इसके सकारात्मक नतीजे निकल सकते हैं।
12:58 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ईरान से बातचीत के लिए पाकिस्तान रवाना
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरान के बीच होने वाली बातचीत के लिए पाकिस्तान रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बातचीत के लिए साफ गाइडलाइंस और रेड लाइन तय कर दी हैं।
वेंस ने कहा कि ट्रंप ने बातचीत टीम के सामने स्पष्ट अपेक्षाएं रखी हैं और समझौते की दिशा में ठोस प्रगति पर जोर दिया है। उन्होंने बातचीत को लेकर उम्मीद जताई और कहा कि अगर दोनों पक्ष ईमानदारी से बात करेंगे, तो सकारात्मक नतीजे सामने आ सकते हैं।
12:46 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह चीफ बोले- लेबनान सरकार इजराइल को छूट देना बंद करें
हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम ने लेबनान सरकार से कहा है कि इजराइल को किसी भी तरह की छूट देना बंद किया जाए। यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच वॉशिंगटन में बातचीत होने वाली है।
अल-मनार टीवी पर प्रसारित अपने संदेश में कासिम ने कहा कि हिजबुल्लाह पहले जैसे हालात में लौटने को तैयार नहीं है और सरकार को बातचीत में सख्त रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इजराइल को ‘फ्री कंसेशन’ देना गलत होगा और इससे स्थिति और खराब हो सकती है।
कासिम ने बुधवार को हुए इजराइली हमलों की भी कड़ी निंदा की, जिसमें 300 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।
12:34 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में भुखमरी से जूझ रहे लाखों लोग
इजराइली हमलों से लेबनान में लाखों लोग बेघर हो गए हैं। विस्थापित हुए परिवारों के पास खाने के लिए पर्याप्त खाना तक नहीं बचा है।




12:13 PM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कतर और ब्रिटेन ने US-ईरान सीजफायर का स्वागत किया
ब्रिटेन और कतर ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए सीजफायर का स्वागत किया है। साथ ही ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कतर की राजधानी दोहा पर हुए ईरानी हमलों की कड़ी निंदा की है।
स्टार्मर ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से मुलाकात के दौरान कहा कि ब्रिटेन कतर की संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के प्रयासों का पूरा समर्थन करता है।
दोनों नेताओं ने माना कि अमेरिका-ईरान सीजफायर क्षेत्र में तनाव कम करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संघर्ष को और न बढ़ाते हुए हालात को स्थिर रखना जरूरी है।
बैठक में स्थायी शांति समझौते की दिशा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलकर काम करने की जरूरत भी बताई गई।
11:53 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान लेबनान में सीजफायर की मांग क्यों कर रहा है
- हिजबुल्लाह लेबनान में ईरान समर्थित और हथियारों से लैस सबसे शक्तिशाली मिलिशिया है।
- अगर लेबनान में इजराइल के हमले जारी रहे और हिजबुल्लाह कमजोर होता है, तो ईरान का क्षेत्रीय नेटवर्क टूट सकता है।
- ईरान ने सीजफायर के लिए 10 शर्तें रखी थीं, जिनमें क्षेत्रीय युद्ध खत्म करना शामिल है, यानी ईरान, लेबनान, यमन पर हमले रोकना।
11:17 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली सेना का दावा- 250 से ज्यादा हिजबुल्लाह लड़ाके ढेर
इजराइली सेना ने दावा किया कि उसने हिजबुल्लाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में 200 से ज्यादा रॉकेट लॉन्चर नष्ट किए। इन लॉन्चरों में करीब 1,300 लॉन्च ट्यूब शामिल थे, जिनका इस्तेमाल हमलों के लिए किया जाता था।
IDF के मुताबिक, इस कार्रवाई में 250 से ज्यादा हिजबुल्लाह के लड़ाके मारे गए। इनमें 15 कमांडर शामिल थे, जो अलग-अलग क्षेत्रों में आर्टिलरी यूनिट संभाल रहे थे। इजराइल ने यह भी दावा किया कि हिजबुल्लाह की नासर यूनिट के आर्टिलरी प्रमुख अली कामेल अबर अल-हसन को भी मार गिराया गया।
सेना ने कहा कि वह हिजबुल्लाह की सैन्य क्षमता खत्म करने के लिए कार्रवाई जारी रखेगी और खास तौर पर उत्तरी इजराइल के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
10:58 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
भारत ने लेबनान में आम लोगों की मौतों पर चिंता जताई
लेबनान में जारी इजराइली हमलों के बीच भारत ने बढ़ती आम लोगों की मौतों पर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बड़ी संख्या में नागरिकों के मारे जाने की खबरें बेहद परेशान करने वाली हैं।
जायसवाल ने कहा कि भारत, जो संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन UNIFIL में अपने सैनिक भेजता है और लेबनान की शांति व सुरक्षा में भागीदार है, मौजूदा हालात को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करना और सभी देशों की संप्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना बेहद जरूरी है।
10:39 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल का दावा- एक हफ्ते में 40 से ज्यादा हिजबुल्लाह लड़ाके मारे
इजराइली सेना ने दावा किया कि पिछले एक हफ्ते में दक्षिणी लेबनान में 40 से ज्यादा हिजबुल्लाह लड़ाकों को मार गिराया गया। साथ ही 50 से ज्यादा ठिकानों को भी नष्ट किया गया।
इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) के मुताबिक, यह कार्रवाई दक्षिणी लेबनान में चल रहे ऑपरेशन के दौरान की गई। सेना ने कहा कि 91वीं डिवीजन के जवानों ने इलाके में सक्रिय एक समूह की पहचान की थी।
10:24 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UAE अपने अंतरराष्ट्रीय रिश्तों की समीक्षा करेगा
ईरान के हालिया हमलों के बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) अब अपने अंतरराष्ट्रीय रिश्तों की समीक्षा करेगा। साथ ही यह तय करेगा कि किन देशों पर आगे भरोसा किया जा सकता है।
UAE के राष्ट्रपति के कूटनीतिक सलाहकार अनवर गर्गश ने कहा कि देश अपने क्षेत्रीय और वैश्विक रिश्तों को नए सिरे से परखेगा। इसमें खास तौर पर यह देखा जाएगा कि मुश्किल समय में कौन सा देश भरोसे के लायक है।
गर्गश के मुताबिक, UAE अपने आर्थिक और वित्तीय ढांचे में भी बदलाव की दिशा में काम करेगा, ताकि देश की मजबूती और स्थिरता बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्राथमिकताओं की समझदारी से समीक्षा ही भविष्य का रास्ता तय करेगी।
10:13 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली सेना ने लेबनान में एंबुलेंस को निशाना बनाने की धमकी दी
इजराइली सेना के प्रवक्ता अविचाय अद्रई ने आरोप लगाया है कि हिजबुल्लाह एंबुलेंस का इस्तेमाल कर रहा है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि इजराइल अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत किसी भी सैन्य गतिविधि के खिलाफ कार्रवाई करेगा, जिसमें एंबुलेंस और मेडिकल सुविधाओं का इस्तेमाल भी शामिल है। हालांकि, इजराइली सेना ने अपने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया है।
10:03 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में US-इजराइल हमलों से 1.25 लाख से ज्यादा नागरिक ठिकाने तबाह
ईरान में अमेरिका और इजराइल के हमलों ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। ईरानी रेड क्रिसेंट के मुताबिक, देशभर में 1.25 लाख से ज्यादा ऐसी जगहें प्रभावित हुई हैं, जो सीधे आम लोगों से जुड़ी हैं।
रेड क्रिसेंट प्रमुख पीरहुसैन कोलीवंद ने बताया कि कुल 1,25,630 नागरिक ठिकाने हमलों की चपेट में आए हैं। इनमें घर, दुकानें और अन्य जरूरी जगहें शामिल हैं, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर बड़ा असर पड़ा है।
इनमें करीब 23,500 से ज्यादा व्यापारिक प्रतिष्ठान भी शामिल हैं। यानी हमलों का असर लोगों की कमाई और कारोबार पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
चिंता की बात यह भी है कि 339 मेडिकल सुविधाएं जैसे अस्पताल, फार्मेसी, लैब और इमरजेंसी सेंटर को भी नुकसान पहुंचा है। इससे इलाज की व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया है।
09:53 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
फ्रांस और पाकिस्तान ने लेबनान में सीजफायर उल्लंघन पर चिंता जताई
पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार और फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरो ने लेबनान में सीजफायर के उल्लंघन पर गंभीर चिंता जताई है।
दोनों नेताओं के बीच शुक्रवार सुबह फोन पर बातचीत हुई, जिसमें उन्होंने लेबनान में बढ़ती हिंसा और हमलों पर चर्चा की।
सीजफायर की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद इजराइल ने लेबनान पर बड़े स्तर पर बमबारी की, जिसमें 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। फ्रांस का भी मानना है कि सीजफायर में लेबनान को शामिल किया जाना चाहिए।
09:42 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान के प्रधानमंत्री सलाम वॉशिंगटन दौरे पर जाएंगे
इजराइल की लेबनान से सीधे बातचीत की मांग के बीच प्रधानमंत्री नवाफ सलाम जल्द ही अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी का दौरा करेंगे। यह जानकारी CNN ने लेबनानी सरकार के एक सूत्र के हवाले से दी।
सीजफायर के बावजूद इजराइल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले जारी रखे। बुधवार को हुए बड़े हमलों में कम से कम 300 लोगों की मौत हुई।

तस्वीर अमेरिकी मीडिया को इंटरव्यू देते हुए लेबनान के PM नवाफ सलाम की है।
09:27 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
भारत-जापान ने होर्मुज संकट पर साथ मिलकर काम करने का भरोसा जताया
होर्मुज में जारी तनाव के बीच भारत और जापान ने हालात को शांत करने और ऊर्जा आपूर्ति को स्थिर रखने के लिए मिलकर काम करने का भरोसा दिया है।
जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी और भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसमें पश्चिम एशिया की स्थिति और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग पर चर्चा की गई।
जापान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों ने स्थिति को सामान्य करने और ऊर्जा सप्लाई को बनाए रखने के लिए करीबी सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि इस बातचीत में होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
09:15 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
जंग पर बातचीत से पहले पाकिस्तानी पीएम ने दुनियाभर के नेताओं से बात की
अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को दुनिया भर के नेताओं के लगातार फोन आए हैं। इन नेताओं ने पाकिस्तान को बधाई दी और उसकी कूटनीतिक कोशिशों का समर्थन किया।
शहबाज शरीफ से जिन नेताओं ने बात की, उनमें ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगान, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा, लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम, ऑस्ट्रिया के चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज शामिल हैं।
09:06 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली युवक ईरान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार
इजराइल के 21 वर्षीय युवक पर ईरान के लिए खुफिया जानकारी जुटाने का आरोप लगा है। उसे पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।
इस युवक का नाम मोशे लाचोविट्ज बताया गया है, उसने एक ईरानी एजेंट के कहने पर कई काम किए और इसके बदले पैसे लिए।
आरोप पत्र के अनुसार, लाचोविट्ज ने नौकरी की तलाश के दौरान माइकल नाम के एक व्यक्ति से संपर्क किया, जो बाद में ईरानी एजेंट निकला।
उसे देश के अलग-अलग स्थानों की फोटो और जानकारी जुटाने के लिए कहा गया, जिनमें यरुशलम और रआनाना जैसे इलाके शामिल थे, जहां पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट का घर भी है।
बताया गया है कि इन कामों के बदले उसे हजारों डॉलर का भुगतान किया गया, जो क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भेजा गया।
08:56 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
यूक्रेनी राष्ट्रपति बोले- ईरानी ड्रोन गिराने में मदद की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि यूक्रेनी सेना ने मिडिल ईस्ट के कई देशों में ईरान के ड्रोन मार गिराए हैं।
उन्होंने बताया कि अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमलों के बाद जब जवाबी ड्रोन हमले शुरू हुए, तब यूक्रेन ने अपने एंटी-ड्रोन विशेषज्ञों को चार मिडिल ईस्ट देशों में भेजा।
जेलेंस्की ने कहा, “हमने कई देशों को दिखाया कि इंटरसेप्टर सिस्टम कैसे काम करता है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल प्रशिक्षण मिशन नहीं था, बल्कि आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम बनाने में मदद का हिस्सा था, जो वास्तव में काम कर सके। उन्होंने कहा कि इन ऑपरेशनों में ईरान के शाहेद ड्रोन को निशाना बनाया गया।
उन्होंने बताया कि इस सहयोग के बदले यूक्रेन को अलग तरह की मदद मिलेगी, जिसमें इंटरसेप्टर सिस्टम, आर्थिक सहायता और कुछ मामलों में तेल की आपूर्ति भी शामिल हो सकती है।

08:43 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में इजराइली हमले में एक की मौत
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी (NNA) के अनुसार, दक्षिण लेबनान के हनाविया शहर पर इजराइल के हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इजराइली सेना ने रिहायशी इलाकों को विस्फोट कर नष्ट कर दिया।
08:31 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह ने इजराइली शहरों को निशाना बनाया
लेबनान से हिजबुल्लाह ने इजराइल के कई शहरों पर रॉकेट हमले किए हैं। इजराइली सेना के मुताबिक, आधी रात के बाद करीब 60 रॉकेट उत्तरी इजराइल की ओर दागे गए।
इसके अलावा लंबी दूरी के रॉकेट्स से अशदोद और हाइफा जैसे शहरों को भी निशाना बनाया गया।
08:27 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
भारत में ईरानी दूतावास ने फंड लेने वाले खाते बंद किए
भारत के लोगों के समर्थन और एकजुटता के लिए आभार जताते हुए ईरानी दूतावास ने जानकारी दी है कि पहले जो बैंक खाते आर्थिक मदद लेने के लिए बनाए गए थे, उन्हें अब बंद कर दिया गया है।
दूतावास ने लोगों से अपील की है कि वे इन बंद किए गए खातों में या किसी भी ऐसे अन्य खाते में पैसा ट्रांसफर न करें, जिसे दूतावास का बताकर पेश किया जा रहा हो।
08:06 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
दक्षिण लेबनान में इजराइल ने घरों को उड़ाया
इजराइली सेना ने दक्षिण लेबनान के हनीन शहर में कई घरों को विस्फोट कर नष्ट कर दिया है।
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी (NNA) के अनुसार, इजराइली लड़ाकू विमानों ने दक्षिण लेबनान के टायर जिले में स्थित अल-मजादेल शहर को निशाना बनाते हुए हवाई हमला किया है।
07:57 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- ईरान ने लेबनान में सीजफायर होने तक बातचीत से इनकार किया
ईरान पाकिस्तान में होने वाली सीजफायर बातचीत में शामिल नहीं होगा। ईरानी मीडिया फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरान ने कहा है कि जब तक लेबनान में सीजफायर लागू नहीं हो जाता वह बातचीत नहीं करेगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद नहीं पहुंचा है और उसका वहां जाने का कोई प्लान भी नहीं है। एजेंसी ने उन खबरों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि ईरानी टीम बातचीत के लिए पहुंच चुकी है।
अमेरिकी मीडिया वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इससे पहले खबर दी थी कि बातचीत शुरू करने के लिए ईरानी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच चुका है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि किसी भी शांति वार्ता के लिए जरूरी है कि अमेरिका सभी मोर्चों पर सीजफायर का पालन करे, खासकर लेबनान में।
07:41 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पूर्व अमेरिकी जनरल का दावा- ईरान दबाव में समझौता कर सकता है
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के पूर्व प्रमुख जनरल केनेथ मैकेंजी ने कहा है कि ईरान दबाव में आकर अपने रुख में बदलाव कर सकता है।
उन्होंने कहा कि अगर ईरान पर अस्तित्व का खतरा बढ़ता है, तो वह समझौते की राह चुन सकता है।
मैकेंजी के अनुसार, ईरान बातचीत करेगा और कोशिश करेगा कि उस पर कड़े आर्थिक हमले या शासन परिवर्तन की स्थिति न आए।
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान बिना शासन बदले भी अपनी नीतियों में बदलाव करने के लिए तैयार हो सकता है, अगर उस पर दबाव ज्यादा बढ़ता है।
07:18 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज में जहाजों की आवाजाही बेहद कम, कल सिर्फ 6 जहाज गुजरे
ग्लोबल शिप ट्रैकिंग कंपनी मरीनट्रैफिक के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को होर्मुज स्ट्रेट से कुल 6 जहाज गुजरे। इनमें 2 तेल, केमिकल या गैस टैंकर, 3 मालवाहक जहाज और 1 ईंधन सप्लाई करने वाला जहाज शामिल था।
यह संख्या बुधवार के मुकाबले थोड़ी ज्यादा है, जब 5 मालवाहक जहाज ही इस रास्ते से गुजरे थे। वहीं मंगलवार को 11 जहाज इस रास्ते से गुजरे थे, जिनमें 9 टैंकर शामिल थे।
मरीन ट्रैफिक के आंकड़े यह भी बताते हैं कि 28 फरवरी से अब तक 212 तेल, केमिकल या गैस टैंकर इस स्ट्रेट से गुजर चुके हैं, जो कुल जहाजों का करीब 58 प्रतिशत हिस्सा हैं।

06:58 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
फारस की खाड़ी में अमेरिकी ड्रोन का संपर्क टूटा, गायब हुआ MQ-4C ट्राइटन
अमेरिकी नौसेना का MQ-4C ट्राइटन ड्रोन 9 अप्रैल 2026 को फारस की खाड़ी के ऊपर फ्लाइट ट्रैकिंग सिस्टम से अचानक गायब हो गया।
रिपोर्ट के अनुसार, गायब होने से ठीक पहले ड्रोन ने 7400 कोड सिग्नल भेजा। यह ड्रोन इटली के सिगोनेला नेवल एयर स्टेशन की ओर लौट रहा था।
इसी दौरान यह अपने सामान्य 52,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे उतरकर करीब 9,500 फीट पर आ गया, जहां इसका सिग्नल पूरी तरह गायब हो गया। फिलहाल ड्रोन के अचानक संपर्क टूटने और गायब होने की असल वजह साफ नहीं हुई है।

06:38 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ब्रिटेन ने ईरान के टोल प्रस्ताव का विरोध किया
ब्रिटेन की विदेश मंत्री इवेट कूपर ने कहा है कि होर्मुज में जहाजों की स्वतंत्र आवाजाही अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून का एक मूल सिद्धांत है। उन्होंने किसी भी देश द्वारा एकतरफा टोल लगाने के विचार को खारिज किया है।
चैनल 4 को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि यह रुट अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग का हिस्सा है, जो खुले समुद्र को जोड़ता है।
कूपर ने साफ कहा कि कोई भी देश समुद्री कानून के खिलाफ जाकर अपनी तरफ से जहाजों पर शुल्क नहीं लगा सकता।
06:22 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली हमलों के बाद लेबनान में धुएं का गुबार फैला
इजराइल के हवाई हमलों के बाद लेबनान की राजधानी बेरूत में धुएं और धूल का गुबार उठते देखा गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बमबारी के बाद कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचा और आसमान में घना धुआं फैल गया, जिससे हालात और गंभीर हो गए। इन हमलों से स्थानीय लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।



06:08 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले तेल जहाजों पर क्रिप्टो में टैक्स मांगा
ईरान अब होर्मुज से गुजरने वाले तेल टैंकरों से प्रति बैरल 1 डॉलर का ट्रांजिट शुल्क मांग रहा है। खास बात यह है कि यह भुगतान क्रिप्टोकरेंसी में करने को कहा जा रहा है, ताकि प्रतिबंधों और ट्रैकिंग से बचा जा सके।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में बताया गया है कि ईरान का क्रिप्टो सेक्टर तेजी से बढ़कर करीब 7.8 अरब डॉलर का हो गया है। इसमें से आधे से ज्यादा गतिविधियां ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) और उससे जुड़े समूहों द्वारा की जा रही हैं, जिनका इस्तेमाल व्यापार, हथियारों और अन्य सामान की फंडिंग के लिए होता है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ईरान के सेंट्रल बैंक ने 507 मिलियन डॉलर की क्रिप्टोकरेंसीभी हासिल की है।
यह कदम दिखाता है कि ईरान अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से बचने के लिए नए तरीकों का इस्तेमाल कर रहा है, जिससे वैश्विक व्यापार और तेल बाजार पर असर पड़ सकता है।
05:53 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल ने लेबनान के सराफंद शहर पर दो हमले किए
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी (NNA) के अनुसार, इजराइल ने दक्षिण लेबनान के सराफंद शहर पर सुबह से अब तक दो हवाई हमले किए हैं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इजराइली सेना ने अल-बयसारियाह के बाहरी इलाके खिरबत अल-दुवैर क्षेत्र को भी निशाना बनाया।
05:35 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका-ईरान वार्ता के लिए पाकिस्तान वीजा ऑन अराइवल देगा, पत्रकार भी शामिल
पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली अहम वार्ता के लिए बड़ा फैसला लिया है। देश के विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा है कि इस्लामाबाद आने वाले सभी प्रतिनिधियों और पत्रकारों को वीजा-ऑन-अराइवल दिया जाएगा।
इशाक डार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि इस्लामाबाद वार्ता 2026 में भाग लेने वाले सभी देशों के प्रतिनिधियों और पत्रकारों का पाकिस्तान स्वागत करता है।
उन्होंने बताया कि सभी एयरलाइंस को निर्देश दिया गया है कि ऐसे यात्रियों को बिना वीजा के ही बोर्डिंग की अनुमति दें।
05:22 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान के बिंत जुबैल शहर पर कब्जे की कोशिश में इजराइल
इजराइल ने दक्षिण लेबनान में अपनी जमीनी कार्रवाई और तेज कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, इजराइली सेना लंबे समय से बिंत जुबैल शहर को घेरने की कोशिश कर रही है और आसपास के पहाड़ी इलाकों और गांवों पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है।
पिछले 24 घंटों में इजराइल ने इस शहर के बाहरी इलाकों में घुसने की कोशिश की है। वहीं हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसने इन इलाकों में मौजूद इजराइली सैनिकों को निशाना बनाया है।
हिजबुल्लाह ने पिछले 24 घंटों में 50 से ज्यादा हमले करने का दावा किया है। इनमें से कई हमले इजराइल की सीमा के अंदर किए गए हैं।
05:08 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान-अमेरिका की बातचीत से पहले पाकिस्तान में सुरक्षा इंतजाम सख्त
ईरान और अमेरिका की बातचीत से पहले पाकिस्तान में सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं। कल इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच बैठक होगी।
इस्लामाबाद में आम लोगों की आवाजाही को काफी हद तक सीमित कर दिया गया है और कई सड़कों को आम वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है।
शहर में करीब 10 हजार पुलिस तैनात की गई है और कई चेकपॉइंट बनाए गए हैं। साथ ही ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है ताकि विदेशी प्रतिनिधियों की आवाजाही में कोई दिक्कत न हो।
सरकार ने गुरुवार और शुक्रवार को इस्लामाबाद में छुट्टी घोषित की है, ताकि लोगों की आवाजाही कम रहे। कई स्कूल और दुकानें बंद कर दी गई हैं और शहर में सामान्य गतिविधियां भी सीमित हो गई हैं।

04:52 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी हमलों से सऊदी अरब के तेल उत्पादन को नुकसान
सऊदी अरब ने बताया है कि ईरान से जुड़े हमलों के कारण उसके तेल उत्पादन पर बड़ा असर पड़ा है। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, कई अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को बार-बार निशाना बनाया गया है।
इन हमलों में गैस प्लांट, तेल उत्पादन केंद्र, पाइपलाइन, निर्यात टर्मिनल और तेल भंडारण टैंक जैसे महत्वपूर्ण ठिकाने शामिल हैं।
सबसे अहम ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन को माना जा रहा है, जो सऊदी अर्थव्यवस्था और वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए बहुत जरूरी है। अधिकारियों के मुताबिक इस पाइपलाइन पर कई बार हमले हुए, जिससे इसकी क्षमता में रोजाना 7 लाख बैरल तेल की कमी आ गई है।
इसके अलावा मनीफा तेल उत्पादन प्लांट को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे रोजाना करीब 3 लाख बैरल तेल उत्पादन घट गया है।
इस तरह इन हमलों के कारण सऊदी अरब के तेल उत्पादन में बड़ी गिरावट आई है, जिसका असर दुनिया भर के तेल बाजार पर पड़ सकता है।
04:15 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
एक्सपर्ट बोले- ईरान होर्मुज पर कंट्रोल से आर्थिक फायदा उठा सकता है
मिडिल ईस्ट इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ विशेषज्ञ एलेक्स वतान्का के अनुसार, ईरान भले ही होर्मुज पर नियंत्रण से आर्थिक फायदा उठा सकता है, लेकिन उसे इससे कहीं ज्यादा लाभ तब मिलेगा जब उस पर लगे अमेरिकी प्रतिबंध हट जाएंगे।
वतान्का ने कहा कि ईरान की असली मांग वैश्विक अर्थव्यवस्था में फिर से शामिल होने की है। उन्होंने बताया कि ईरान ने अपने प्रस्ताव में अमेरिकी प्राथमिक प्रतिबंध हटाने की बात की है।
इसके साथ ही ईरान सेकेण्डरी सेक्शन हटाने की भी मांग कर रहा है, जिससे दूसरे देशों को भी ईरान के साथ खुलकर व्यापार और निवेश करने की अनुमति मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान इस तरीके से हर साल करीब 100 अरब डॉलर तक कमा सकता है।

04:00 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
दक्षिण कोरिया अपना विशेष दूत ईरान भेजेगा
दक्षिण कोरिया ने कहा है कि वह अपने जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए ईरान में एक विशेष दूत भेजेगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, चुंग ब्युंग-हा को विशेष दूत नियुक्त किया गया है, जो पहले कुवैत में राजदूत रह चुके हैं। यह फैसला दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच फोन पर हुई बातचीत के बाद लिया गया।
चुंग ब्युंग-हा जल्द ही तेहरान जाएंगे। इस दौरान दक्षिण कोरिया की कोशिश होगी कि वह ईरान के साथ मिडिल ईस्ट की स्थिति पर चर्चा करे और अपने नागरिकों, जहाजों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर बात करे।
इस समय दक्षिण कोरिया के 26 जहाज, जिनमें तेल टैंकर भी शामिल हैं, होर्मुज से गुजर नहीं पा रहे हैं।
03:46 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान बोला- इजराइल की तरफ से बातचीत का निमंत्रण नहीं मिला
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश लेबनान के साथ सीधे बातचीत करना चाहता है।
उन्होंने बताया कि बातचीत का मुख्य मुद्दा हिजबुल्लाह के हथियार डलवाना और दोनों देशों के बीच शांतिपूर्ण संबंध स्थापित करना होगा। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि फिलहाल कोई सीजफायर लागू नहीं है।
वहीं लेबनान के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अभी तक बातचीत के लिए कोई औपचारिक निमंत्रण नहीं मिला है। लेबनान की तरफ से यह भी कहा गया है कि गोलीबारी के बीच कोई बातचीत नहीं होगी। यानी जब तक सीजफायर नहीं होता, तब तक बातचीत संभव नहीं है।
03:26 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- होर्मुज में ईरान बहुत खराब काम कर रहा है
ट्रम्प ने ईरान की आलोचना करते हुए कहा है कि वह होर्मुज स्ट्रेट से तेल को गुजरने देने में खराब काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसे बेईमानी भी मान सकते हैं।
ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा, “यह वह समझौता नहीं है जो हमारे बीच हुआ था।”
03:08 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी हमलों में सऊदी अरब की पाइपलाइन को नुकसान
सऊदी अरब की प्रेस एजेंसी ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि हाल के हमलों में देश की ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा है।
यह पाइपलाइन तेल को लाल सागर तक ले जाती है और होर्मुज को बायपास करती है। हालांकि, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इन हमलों से इनकार किया है।
ईरान की सरकारी एजेंसी IRNA के मुताबिक IRGC ने कहा कि अगर ये खबरें सही हैं, तो इसके पीछे इजराइल या अमेरिका का हाथ हो सकता है।
02:55 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कुवैत बोला- सीजफायर के बावजूद ईरान ने हमला किया
कुवैत ने आरोप लगाया है कि ईरान और उससे जुड़े समूहों ने गुरुवार को ड्रोन हमले किए, जबकि दो हफ्ते का युद्धविराम लागू किया गया। वहीं सऊदी अरब ने भी माना है कि हाल के हमलों में उसकी एक अहम तेल पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा है।
कुवैत के विदेश मंत्रालय ने सरकारी समाचार एजेंसी KUNA के जरिए जारी बयान में कहा कि गुरुवार रात ड्रोन हमलों में देश की कुछ महत्वपूर्ण सुविधाओं को निशाना बनाया गया।
02:38 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पाकिस्तानी पीएम को नोबेल देने की मांग
पाकिस्तान की पंजाब असेंबली में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और उपप्रधानमंत्री इशाक डार को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने का प्रस्ताव पेश किया गया है।
जियो न्यूज के मुताबिक PML-N के विधायक राणा मुहम्मद अरशद ने प्रस्ताव पेश किया। इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान के नेताओं की मध्यस्थता से ही अमेरिका-ईरान के बीच 2 हफ्ते का सीजफायर हो पाया और इससे क्षेत्र में शांति और स्थिरता का रास्ता तैयार हुआ। पूरी खबर पढ़ें…

02:30 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू बोले- लेबनान से बातचीत होगी, रक्षा मंत्री ने कहा- युद्ध नहीं रुकेगा
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि लेबनान के साथ सीधे बातचीत शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह कदम दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है।
वहीं दूसरी ओर, इजराइली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक देश के रक्षा मंत्री ने साफ कहा है कि युद्ध नहीं रोका जाएगा।
02:20 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी विदेश मंत्री ने अमेरिका को चेतावनी दी
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका को लेकर तीखा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका, इजराइल को सीजफायर का पालन न करने की इजाजत देता है, तो यह बेवकूफी भरा फैसला होगा।
अराघची ने कहा कि अगर अमेरिका ऐसा करता है, तो वह अपनी ही अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाएगा।
01:56 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने UAE राष्ट्रपति से मुलाकात की
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद खाड़ी देशों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की।
डाउनिंग स्ट्रीट के बयान के अनुसार, स्टारमर ने ईरानी हमलों के बाद UAE के लोगों के प्रति एकजुटता जताई। दोनों नेताओं ने होर्मुज को पूरी तरह से फिर से खोलने की जरूरत पर भी चर्चा की।
इसके अलावा, दोनों देशों ने आपसी संबंधों को और मजबूत करने का वादा किया। अपने इस दौरे में स्टारमर ने कतर, बहरीन और सऊदी अरब का भी दौरा किया।

01:45 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में UN सैनिकों पर हमले की 60 देशों ने निंदा की
60 से ज्यादा देशों ने इंडोनेशिया के साथ मिलकर लेबनान में संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिकों (UNIFIL) पर हो रहे लगातार हमलों की निंदा की है। यह बयान संयुक्त राष्ट्र में इंडोनेशिया के प्रतिनिधि उमर हादी के नेतृत्व में जारी किया गया।
इस संयुक्त बयान में हाल के हमलों का जिक्र किया गया, जिनमें तीन इंडोनेशियाई शांति सैनिकों की मौत हो गई। साथ ही बताया गया कि इन हमलों में फ्रांस, घाना, इंडोनेशिया, नेपाल और पोलैंड के कई शांति सैनिक घायल भी हुए हैं।
इन देशों ने लेबनान की मानवीय स्थिति को लेकर भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वहां बड़ी संख्या में आम नागरिक मारे गए हैं, नागरिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है और 10 लाख से ज्यादा लोगों को अपने घर छोड़कर जाना पड़ा है।

01:34 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में इजराइली हवाई हमले
दक्षिणी लेबनान के बाजूरियेह और हन्नाउइयाह इलाकों में इजराइल ने दो हवाई हमले किए हैं।
जमीन पर मौजूद रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों इलाकों में तेज धमाके हुए हैं और हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
01:32 AM10 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ख्वाजा आसिफ के बयान पर इजराइल ने नाराजगी जताई
इजराइल ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान की कड़ी निंदा की है। इजराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि किसी देश को खत्म करने जैसी बात बेहद आपत्तिजनक है।
इजराइल ने यह भी कहा कि जो देश खुद को शांति वार्ता का निष्पक्ष मध्यस्थ बताता है, उसके मंत्री का ऐसा बयान स्वीकार नहीं किया जा सकता। इससे पाकिस्तान की निष्पक्ष भूमिका पर सवाल खड़े हुए हैं।
ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पर इजराइल को इंसानियत के लिए श्राप बताया और लेबनान में नागरिकों की मौत को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पहले गाजा, फिर ईरान और अब लेबनान में हिंसा जारी है।
इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी इस बयान की आलोचना करते हुए कहा कि इजराइल अपनी सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा और अपने खिलाफ धमकियों का जवाब देगा।







