![]()
यमुनानगर में पत्नी और दो बच्चों को ससुराल में छोड़कर घर लौट रहे 25 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक अपने छोटे भाई के साथ अलग-अलग बाइक पर गांव जा रहा था। रास्ते में रटौली रोड पर पीछे से आए तेज रफ्तार थ्री-व्हीलर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी। घायल अवस्था में उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव गुग्लो निवासी लाल सिंह के रूप में हुई है, वह दो बच्चों का पिता था। बीवी रुकने के लिए कहती रही, लेकिन नहीं माना फर्कपुर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव गुग्लो निवासी अमित कुमार ने बताया कि उसका बड़ा भाई लाल सिंह मेहनत-मजदूरी करता था और उसकी पत्नी एकता तथा दो बेटे हैं। लाल सिंह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर कांसापुर स्थित अपनी साली सरस्वती के घर गया था। रात अधिक होने पर परिजनों ने उसे वहीं रुकने की सलाह दी, लेकिन वह घर लौटने की जिद पर अड़ गया अमित के अनुसार, भाई ने फोन कर उसे कांसापुर बुला लिया। वहां पहुंचने पर उसने भाभी और बच्चों को वहीं रुकने के लिए मना लिया, जबकि वह और लाल सिंह अलग-अलग बाइक पर सवार होकर गांव गुग्लो के लिए निकल पड़े। रात करीब 10:40 बजे जब दोनों रटौली रोड पर जाहिद खान के फार्म के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आए एक थ्री-व्हीलर ने लाल सिंह की बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही लाल सिंह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। भीड़ इकट्ठी होती देख भागा आरोपी ड्राइवर अमित ने बताया कि वह भाई को संभालने में लग गया, इसलिए टैंपो का नंबर नोट नहीं कर सका। इसी दौरान लाल सिंह का साढ़ू देवेंद्र उर्फ सोनू भी मौके पर पहुंच गया। कुछ राहगीरों ने डायल-112 पर सूचना दी। भीड़ इकट्ठी होते देख टैंपो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। डायल-112 की टीम घायल लाल सिंह को सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंची, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फर्कपुर थाना पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात थ्री-व्हीलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
Source link
पत्नी-बच्चों को ससुराल छोड़ लौट रहे युवक की मौत:यमुनानगर में ऑटो ने बाइक को मारी टक्कर; दो बच्चों का पिता







