पंजाब सरकार ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के ऑनलाइन तबादलों के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस चरण में जिले से बाहर (इंटर डिस्ट्रिक्ट) तबादले किए जाएंगे। विभाग के अनुसार, पहले प्राथमिक विंग के बीटीटी, हेड टीचर और सेंटर हेड टीचर, जबकि सेकंडरी विंग के पीजीटी, डीपीई, डीएम, मास्टर कैडर, आर्ट एंड क्राफ्ट, एआईई, एमटीएसआर, वोकेशनल और मेन्यू वॉलंटियर्स के सामान्य तबादले किए जा चुके हैं। नए आदेश के मुताबिक, अब उन शिक्षकों के अंतर जिला (इंटर-डिस्ट्रिक्ट) तबादले किए जाएंगे, जिन्होंने आवेदन किया था, जो निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करते हैं। इसके लिए विभाग ने 16 जुलाई दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन स्टेशन चॉइस भरने का समय दिया है। क्या है इंटर-डिस्ट्रिक्ट ट्रांसफर : इंटर-डिस्ट्रिक्ट ट्रांसफर का मतलब है कि शिक्षक अपने वर्तमान जिले से दूसरे जिले में तबादले के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह विकल्प आमतौर पर पारिवारिक परिस्थितियों, पति-प|ी की एक ही स्थान पर पोस्टिंग, सेहत कारणों या लंबे समय से दूसरे जिले में जाने की इच्छा रखने वाले शिक्षकों के लिए अहम माना जाता है। विभाग के अनुसार, सामान्य तबादलों के लिए 22 मई को ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। बाद में संबंधित वर्गों के लिए 25 जून से 28 जून तक ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। अब शिक्षकों को अपने ही जिले में स्कूल चुनने (स्टेशन चॉइस) का अवसर दिया गया था। यह प्रक्रिया 27 जून से 11 जुलाई 2026 तक चली। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि पात्र शिक्षक ई-पंजाब स्कूल पोर्टल पर अपनी लॉग-इन आईडी से प्रवेश करें। बाद में ट्रांसफर मेन्यू में जाकर उपलब्ध रिक्त स्कूलों में अपनी पसंद (स्टेशन चॉइस) दर्ज करें। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि एक बार स्टेशन चॉइस भरने के बाद उसमें किसी भी प्रकार का संशोधन या बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग ने कहा कि यदि पात्र शिक्षक तय अवधि में स्टेशन चॉइस नहीं भरता है तो उसे प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार किसी भी उपलब्ध रिक्त स्कूल में नियुक्त किया जा सकता है। जिन स्कूलों में रिक्तियां उपलब्ध हैं, उनकी सूची ई-पंजाब स्कूल पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। इस चरण में प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा के कई कैडरों के शिक्षक शामिल हैं, जिनमें बीटीटी, हेड टीचर, सेंटर हेड टीचर, पीजीटी, मास्टर कैडर, डीपीई, डीएम, आर्ट एंड क्राफ्ट, एआईई, एमटीएसआर, वोकेशनल तथा आईई वॉलंटियर्स शामिल हैं।
Source link
शिक्षकों के इंटर डिस्ट्रिक्ट तबादलों की प्रक्रिया शुरू, आज 12 बजे तक भर सकेंगे स्टेशन चॉइस, गलती पर दोबारा नहीं मिलेगा मौका







