![]()
गुरदासपुर जिले के बटाला स्थित गांव सीरा में बीती रात मामूली विवाद ने एक ऐसा खूनी रूप अख्तियार कर लिया जिससे पूरा इलाका दहल उठा। महज सरकारी बिजली के मीटर से छेड़छाड़ रोकने के मामूली विवाद में एक पड़ोसी ने युवक के जिस्म को गोलियों से छलनी कर दिया। इस अंधाधुंध फायरिंग में 6 गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक मनपिंदर सिंह उर्फ मन्ना को पहले बटाला और फिर अमृतसर ले जाया गया। हालांकि अमृतसर के अस्पताल में इलाज के दौरान मन्ना की मौत हो गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के भाई हरआनंद सिंह की शिकायत पर मुख्य आरोपी पति और उसकी सरकारी टीचर पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान गगनदीप और उसकी पत्नी जसबीर कौर के तौर पर हुई है। आरोपी जसबीर कौर सरकारी स्कूल चट्ठा में टीजीटी हैं। 2 महीने पहले भी मीटर से छेड़छाड़ ही बनी पुरानी रंजिश
मृतक के भाई हरआनंद और ममेरे भाई मनप्रीत सिंह ने बताया कि 2 महीने पहले भी गगनदीप ने मीटर से छेड़छाड़ की थी। जिससे 2 दिन उनकी भी बिजली कटी रही। तब भी गगनदीप को समझाया था कि सरकारी मीटर से छेड़छाड़ ना करे। इसी बात को लेकर गगनदीप और मनपिंदर के बीच बहस हुई थी। गगनदीप इस बात की रंजिश दिल में रख बैठा था। शुक्रवार को भी गगनदीप मीटर से छेड़छाड़ कर रहा था। इसी दौरान मनपिंदर अपने दोनों बेटों को ट्यूशन छोड़कर घर वापिस आ रहा था। रास्ते में उसने गगनदीप को देखा और सरकारी कार्रवाई करवाने की बात कही थी। जिसके बाद मनपिंदर को गोलियां मारी गईं। हरआनंद ने बताया जब मनपिंदर पर गोलियां बरसाई तो वो भी वापिस घर आ रहा था। सारी वारदात उसकी आंखों के सामने हुई। बिजली मीटर से छेड़छाड़ से रोकना पड़ा भारी
घटना शुक्रवार देर रात की है। मृतक मनपिंदर सिंह मन्ना के भाई हरआनंद ने आंखों देखा खौफनाक मंजर बयां करते हुए बताया कि विवाद की शुरुआत बेहद मामूली बात से हुई थी। पड़ोस में रहने वाला आरोपी गगनदीप गगन सरकारी बिजली के मीटर के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। वहां मौजूद मनपिंदर सिंह मन्ना ने जब उसे ऐसा करने से रोका और कानून का हवाला दिया, तो गगनदीप आगबबूला हो गया। गाली-गलौज के बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख गगनदीप की पत्नी जसबीर कौर बाहर आई। उसने विवाद को शांत करने के बजाय अपनी अलमारी से गगनदीप की लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और अपने पति के हाथ में थमा दी। छोटे भाई के सामने मारी मनपिंदर को किया छलनी
हरआनंद सिंह ने बताया कि रिवॉल्वर हाथ में आते ही गगनदीप के सिर पर खून सवार हो गया। पुरानी रंजिश को मन में पाले बैठे गगनदीप ने बिना एक पल गंवाए मनपिंदर मन्ना को निशाना बनाया और ट्रिगर दबा दिया। रात के सन्नाटे में एक के बाद एक 6 राउंड फायरिंग की गूंज उठी। गगनदीप ने उसके सामने देखते ही देखते 6 गोलियां मार उसके भाई को छलनी कर दिया। जिसके बाद मनपिंदर खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। परिजन आनन-फानन में उसे बटाला के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे तुरंत अमृतसर रेफर कर दिया। अमृतसर के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच चंद घंटे जंग लड़ने के बाद मनपिंदर ने दम तोड़ दिया। छाती से पेट के बीच लगी सारी 6 गोलियां
डीएसपी फतेहगढ़ चूड़ियां ललित कुमार ने बताया कि आरोपी गगनदीप ने अपने ही पड़ोसी पर बेहद करीब से 6 गोलियां चलाईं। छह की छह गोलियां सीधे मृतक मनपिंदर के शरीर के महत्वपूर्ण हिस्सों पर लगीं। जिससे वो बुरी तरह घायल हो गया। इस वारदात के बाद हंसता-खेलता परिवार पल भर में उजड़ गया। मृतक मनपिंदर अपने पीछे अपनी रोती-बिलखती पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी पति-पत्नी
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी गगनदीप सिंह और उसकी पत्नी जसबीर कौर को दबोच लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मृतक के शव का बटाला के सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। एक तरफ जहां गांव में इस मर्डर के बाद से भारी तनाव और मातम का माहौल है, वहीं पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या मर्डर की साजिश पहले से ही रची गई थी।
Source link
मीटर से छेड़छाड़ के विवाद में हुई मनपिंदर की हत्या:बटाला में पड़ोसी ने भाई के सामने की वारदात; सीने में उतार दीं 6 गोलियां; आरोपी दंपती गिरफ्तार







