![]()
सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के एक ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए और पीछे तेज गति से आ रहा कंटेनर उसमें जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया, क्योंकि मृतक की महज 12 दिन बाद शादी होने वाली थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थी। पुलिस ने अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुग्राम के लिए निकला था कंटेनर चाचा विक्रम ने बताया कि उनका भतीजा कमलकांत उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के कबीरपुर सिरसागंज का रहने वाला था और पिछले करीब 11 वर्षों से ट्रक चालक के रूप में काम कर रहा था। वह 7 जुलाई को अपने घर से ड्यूटी पर निकला था। शुक्रवार सुबह बहालगढ़ से कंटेनर में सामान लोड कर गुरुग्राम के लोहड़ी क्षेत्र के लिए रवाना हुआ था। पिपली टोल के पास हुआ भीषण हादसा परिजनों के अनुसार सुबह करीब 5:15 बजे जब कमलकांत का कंटेनर खरखौदा के पास पिपली टोल के नजदीक पहुंचा, तो आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रहा कंटेनर समय पर नहीं रुक सका और सीधे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ड्राइवर को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 12 दिन बाद होनी थी शादी परिवार ने बताया कि कमलकांत अविवाहित था। करीब दो महीने पहले उसका रिश्ता तय हुआ था और इसी महीने 12 दिन बाद उसकी शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। परिजन रिश्तेदारों को निमंत्रण देने और अन्य तैयारियों में जुटे थे, लेकिन हादसे की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। ‘एक चक्कर लगाकर वापस आ जाऊंगा’ कहकर निकला था चाचा विक्रम ने बताया कि कमलकांत 7 जुलाई को घर से यह कहकर निकला था कि वह एक ट्रिप पूरी करके तीन-चार दिन में वापस लौट आएगा। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह कभी वापस नहीं आएगा। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार का सबसे छोटा बेटा था कमलकांत कमलकांत परिवार में सबसे छोटा था। उसके दो भाइयों और एक बहन की शादी पहले ही हो चुकी है। अब उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता अपने सबसे छोटे बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं और पूरे गांव में शोक का माहौल है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि केएमपी एक्सप्रेसवे और टोल प्लाजा के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी ड्राइवर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Source link
शादी से 12 दिन पहले ट्रक ड्राइवर की मौत:KMP एक्सप्रेसवे पर अचानक ब्रेक लगाने से भिड़े वाहन, 3 दिन बाद घर लौटना था







