![]()
कपूरथला शहर के बेहद वीआईपी और पॉश इलाके सन्नी साइड (मॉल रोड) में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पिछले 20 दिनों से घर में पेंट का काम कर रहे एक शातिर पेंटर ने ही ‘आस्तीन का सांप’ बनकर बुजुर्ग दंपति को करीब 5 घंटे तक बंधक बनाए रखा। आरोपी ने मकान मालिक पर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया और पिस्तौल के बल पर जान से मारने की धमकी देते हुए लाखों रुपये के सोने-हीरे के आभूषण, नकदी और जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गया। थाना सिटी कपूरथला पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। दोपहर 3 बजे रॉड और रिवॉल्वर लेकर कमरे में घुसा आरोपी पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित पवन कुमार निवासी सन्नी साइड, मॉल रोड ने बताया कि गांव रजापुर का रहने वाला पेंटर रणजीत सिंह पिछले करीब 20 दिनों से उनके घर में पेंटिंग का काम कर रहा था। रणजीत पर परिवार को पूरा भरोसा था क्योंकि वह पहले भी उनके घर काम कर चुका था। 8 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे जब पवन कुमार अपनी पत्नी के साथ कमरे में आराम कर रहे थे, तभी रणजीत अचानक हाथ में लोहे की रॉड लेकर कमरे के अंदर घुस आया। उसने अंदर आते ही सबसे पहले दंपति के मोबाइल फोन छीन लिए और पवन कुमार के सिर व शरीर पर रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें लहुलुहान कर दिया। पत्नी ने मचाया शोर, तो तान दी पिस्तौल; कमरे में किया बंद जब पवन कुमार की पत्नी अपने पति को बचाने के लिए आगे आईं और उन्होंने शोर मचाना शुरू किया, तो आरोपी रणजीत सिंह ने अपने पास छिपाकर रखी रिवॉल्वर निकाल ली और महिला के माथे पर तानते हुए गोली मारने की धमकी दी। आरोपी ने पहले महिला को बाथरूम में बंद करने का प्रयास किया, लेकिन जब दंपति ने कड़ा विरोध किया, तो उसने दोनों को घसीटकर एक कमरे में धकेल दिया और बाहर से मजबूत कुंडी लगा दी। इसके बाद आरोपी करीब 5 घंटे तक पूरे घर में बेखौफ होकर अलमारियां खंगालता रहा और लूटपाट की वारदात को अंजाम देता रहा। रात 8 बजे बेटे के आने पर मिली मुक्ति, अलमारियां टूटी मिलीं शाम बीतने के बाद रात करीब 8 बजे जब पवन कुमार का बेटा रोहित और उनका पोता घर लौटे, तो उन्होंने मुख्य दरवाजा खुला देखा। अंदर कमरा बाहर से बंद था, जिसे खोलने पर लहूलुहान और सहमे हुए बुजुर्ग दंपति बाहर निकले। जब परिवार ने घर के दूसरे कमरों की जांच की, तो वहां की मुख्य अलमारियां टूटी हुई थीं और लॉकर में रखे लाखों रुपये के सोने व हीरे के जेवरात, भारी नकदी और कई अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब थे। वारदात के बाद आरोपी ने बेटे को भेजा धमकी भरा ‘वॉयस मैसेज’ पीड़ित पवन कुमार ने पुलिस को एक और चौंकाने वाली जानकारी दी कि वारदात को अंजाम देकर भागने के बाद आरोपी रणजीत सिंह ने उनके बेटे रोहित के मोबाइल पर एक वॉयस मैसेज भेजकर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दी हैं। वहीं, पड़ोस के घरों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज में आरोपी वारदात के बाद अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेजी से भागता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी इस दुस्साहसिक वारदात की पुष्टि करते हुए थाना सिटी कपूरथला के एसएचओ (SHO) अमनदीप ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित पवन कुमार के बयानों के आधार पर नामजद आरोपी पेंटर रणजीत सिंह के खिलाफ बंधक बनाने, जानलेवा हमला करने, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों और गांव रजापुर में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लूटा गया माल बरामद कर लिया जाएगा।
Source link
कपूरथला में पेंटर ने बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर लूटा:घर में कर रहा था काम, मारपीट कर 35 तोले सोना, डायमंड, ₹ 2.50 लाख ले गया







