![]()
रेवाड़ी में CM नायब सैनी के कार्यक्रम से दूरी बनाने को लेकर चल रही कंट्रोवर्सी पर केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत की नाराजगी खुलकर सामने आई है। सोमवार को धारूहेड़ा नगर परिषद के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे राव ने मीडिया से कहा- मैं, बावल विधायक या कोई और कार्यक्रम में नहीं गया तो किसी को क्या परेशानी। राव ने यह भी कहा कि कार्यक्रम से दो दिन पहले सीएम नायब सैनी से बात हुई थी। सीएम ने कहा था कि प्रोटोकॉल दुरुस्त करने के लिए बाबू लोगों को बोल दिया है, लेकिन इनविटेशन आज तक नहीं मिला। इधर, रेवाड़ी BJP के जिला महामंत्री पंडित हिमांशु पालीवाल की ओर से जिले के कई मंडल अध्यक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया गया है। जिसमें पूछा गया है कि महत्वपूर्ण कार्यक्रम में आपकी अनुपस्थिति का कारण एक दिन के भीतर बताएं। उल्लेखनीय है कि 30 जून को एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के बावल कैंपस में खेत बचाओ अभियान का समापन था। जिसमें मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान थे, जबकि अध्यक्षता सीएम नायब सैनी की थी। इस कार्यक्रम में राव इंद्रजीत सिंह के अलावा रेवाड़ी जिले से भाजपा के तीनों विधायक, जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष नहीं पहुंचे थे। सबसे पहले जानिए, पूरी कंट्रोवर्सी पर क्या बोले राव इंद्रजीत जो प्रोटोकॉल निभाना था वो नहीं निभाया राव इंद्रजीत ने कहा- जो ये कार्यक्रम बावल का था। भारत सरकार की एग्रीकल्चर मिनिस्ट्री की तरफ से था। वास्तविकता यह है कि जो प्रोटोकॉल निभाना चाहिए था, एग्रीकल्चर मिनिस्ट्री शायद वो प्रोटोकाल निभा नहीं पाई। मेरे को और बावल के एमएलए डॉ. कृष्ण कुमार को इनविटेशन मिलना चाहिए था, जो आज तक नहीं मिला। सीएम ने कहा था बाबू लोगों को बोल दिया है राव ने कहा-कार्यक्रम से पहले मेरी बात जरूर मुख्यमंत्री से हुई थी। उन्होंने कहा था कि प्रोटोकॉल की जो उल्लंघना हुई है, उसको दुरूस्त करने के लिए हमने बाबू लोगों को बोल दिया है। वास्तविकता यह है कि हरियाणा में सोशल मीडिया पर जो निमंत्रण पत्र चल रहा था। आज तक हमको मिला नहीं है। उसके बाद भी कोई इनविटेशन आज तक हमको मिला नहीं है। उसके बारे में सभी को पता चल गया था। चुने हुए नुमाइंदों की अनदेखी हुई राव ने कहा-यहां के चुने हुए नुमाइंदों की अनदेखी हुई है। ये चिट्ठी मैंने भारत सरकार के एग्रीकल्चर मिनिस्ट्री को लिखी है। हरियाणा वालों से हमारा कोई गिला नहीं है। हरियाणा वालों ने ऐन टाइम पर विधायक डॉ. कृष्ण की मौजूदगी दशाई है। कोई भी कार्यक्रम हो, कहीं पर भी हो। स्थानीय नेताओं को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। अगर हम नहीं गए तो किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए केंद्रीय राज्य मंत्री ने आगे कहा-मेरा यह कहना है। इसलिए यदि मैं नहीं गया, बावल का एमएलए नहीं गया, तो उससे किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां हमने कहना चाहिए था, वहां कह दिया है। सीएम के कार्यक्रम से कई नेताओं ने बनाई दूरी खेत बचाओ अभियान में राव इंद्रजीत, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव और कोसली विधायक अनिल यादव नहीं पहुंचे थे। यही नहीं रेवाड़ी के 15 में से 5 मंडल अध्यक्ष, जिला परिषद चेयरमैन मनोज यादव, रेवाड़ी नगर परिषद की चेयरपर्सन विनिता पीपल और धारूहेड़ा नगर पालिका चेयरमैन अजय जांगड़ा समेत कई पदाधिकारी नहीं आए थे।
नोटिस में लिखा-कारण बताए क्यों नहीं आए रेवाड़ी बीजेपी के जिला महामंत्री हिमांशु पालीवाल की ओर से मंडल अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। जिसमें लिखा कि बावल में आयोजित महत्वपूर्ण कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री नायब सिह सैनी का आगमन हुआ। महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बिना पूर्व सूचना और अनुमति के अपनी गैरमौजूदगी अनुशासन एवं जिम्मेदारी के अनुकूल नहीं है। आपको नोटिस भेजकर निर्देशित किया जाता है कि नोटिस मिलने के एक दिन के अंदर अपना जवाब कार्यालय भेजना सुनिश्चित करें। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने और संतोषजनक नहीं पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। दो विधायक प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर चुके 30 जून को सीएम के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने वाले विधायक डॉ. कृष्ण कुमार एक जुलाई को सीएम के ऑनलाइन उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। उसी शाम को विधायक अनिल यादव के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता से भी मुलाकात की। बताया जा रहा है कि पार्टी ने इसे बगावत माना है। पूरे मामले की समीक्षा के लिए सरकार व संगठन की कई टीमें गुपचुप तरीके से रेवाड़ी आ चुकी हैं। चंडीगढ़ में संगठन व सरकार से जुड़े पदाधिकारी बैठक कर चुके हैं।
Source link
राव इंद्रजीत की नाराजगी सामने आई:बोले-CM के कार्यक्रम में नहीं गया तो किसी को क्या परेशानी; बाबूओं ने प्रोटोकॉल तोड़ा







