![]()
हिसार जिले के बालसमंद गांव में भाखड़ा नहर के पानी में कथित अवैध कटौती के विरोध में सोमवार को किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें क्षेत्र के किसानों ने 7 जुलाई को बालसमंद तहसील का घेराव करने का ऐलान किया। किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर पानी की कटौती तुरंत बंद करने की मांग करने का निर्णय लिया। यह बैठक गांव की चौपाल में आयोजित की गई, जिसकी संयुक्त अध्यक्षता प्रहलाद सिंह सुंडावास, वीरेंद्र सिंह पूनिया (बुडाक), प्रताप सहारण और बबलू गोरछी ने की। बैठक में क्षेत्र के दर्जनों गांवों के किसानों के साथ-साथ अखिल भारतीय किसान सभा, हरियाणा किसान मंच, पगड़ी संभाल जट्टा, हरियाणा किसान संघर्ष समिति और जल संघर्ष समिति के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। किसान बोले-अवैध कटौती की जा रही किसानों ने आरोप लगाया कि भाखड़ा नहर के पानी में लगातार अवैध कटौती की जा रही है। उनके अनुसार, नरवाना ब्रांच नहर से लगभग 70 क्यूसेक पानी जींद की ओर भेजा जा रहा है, जबकि जींद पहले से ही यमुना कैनाल के कमांड एरिया में आता है। इसी तरह, बालसमंद ब्रांच से हांसी शहर को 36 इंच की पाइपलाइन के माध्यम से पानी दिया जा रहा है, जबकि हांसी भी यमुना कैनाल कमांड क्षेत्र में स्थित है। किसानों की चेतावनी-कृषि भूमि बंजर हो जाएगी किसानों ने अन्य प्रस्तावित पाइपलाइनों पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि इन कटौतियों और प्रस्तावित योजनाओं से भाखड़ा कमांड एरिया के किसानों के हिस्से का पानी प्रभावित होगा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि यह कटौती जारी रही तो भाखड़ा कमांड क्षेत्र की हजारों एकड़ कृषि भूमि बंजर हो जाएगी और पेयजल संकट भी गहरा जाएगा। विरोध में गांव-गांव जाकर अभियान चलाया जाएगा बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार की इस नीति के विरोध में गांव-गांव जाकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 7 जुलाई को बड़ी संख्या में किसान बालसमंद तहसील का घेराव करेंगे और मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर पानी की कथित चोरी और कटौती को तुरंत बंद करने की मांग करेंगे। बैठक में ये रहे मौजूद इस बैठक में कुरड़ाराम नम्बरदार, जिला पार्षद संदीप धीरणवास, रमेश ढोभी, ओम बाण्डाहेडी, विनोद बासड़ा, अनिल गोरछी, बबलू पूनिया, रविन्द्र सरसाणा, दलबीर बैनीवाल, चांदीराम सरपंच, ऋषि रावलवास, देवीलाल शर्मा, कुलवीर धीरणवास, राजेश कड़वासरा, शकर धीवा, रेनु चहल, अनिल लोरा, पारस लोरा, बलराज बिजला, राजकुमार, गुलाब सहित कई अन्य किसान उपस्थित रहे।
Source link
भाखड़ा नहर पानी कटौती पर किसानों का बड़ा ऐलान:7 जुलाई को बालसमंद तहसील का करेंगे घेराव; बोले-भूमि बंजर हो रही







