![]()
सोनीपत के गांव रसूलपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में 21 वर्षीय युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने पड़ोसियों पर लगातार जान से मारने की धमकियां देने, पैसों की मांग करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मारपीट के विवाद के बाद बढ़ा तनाव हिमांशु के चाचा प्रवीण ने बताया कि कुछ दिन पहले पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उनके परिवार पर अपने घर में पत्थर फेंकने का आरोप लगाया था। परिवार ने इन आरोपों से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग डंडे लेकर गली में पहुंचे और परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट में चाचा का हाथ टूटा, हिमांशु भी हुआ था घायल प्रवीण ने बताया कि मारपीट के दौरान उनका हाथ टूट गया, जबकि बचाव करने आए हिमांशु को भी चोटें लगी थीं। दोनों इलाज और मेडिकल कराने के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि वहां भी दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकियां दीं। लगातार मिल रही थीं जान से मारने की धमकियां परिजनों का आरोप है कि मारपीट की घटना के बाद भी पड़ोसी लगातार उन्हें धमका रहे थे। हिमांशु के मोबाइल फोन पर बार-बार कॉल कर जान से मारने की धमकी दी जाती थी और पैसों की मांग की जा रही थी। इन लगातार मिल रही धमकियों से हिमांशु मानसिक रूप से काफी परेशान और डरा हुआ था। घर में अकेला था, फंदा लगाकर दी जान परिवार के अनुसार शनिवार को घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान हिमांशु ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि हिमांशु ने पहले ही उन्हें बताया था कि आरोपियों के लगातार फोन आ रहे हैं और उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मारपीट में उन्हें और हिमांशु को चोटें आई थीं, जिसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट में भी हुई है। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ हिमांशु अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में उसकी दो बहनें भी हैं। युवक की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पहले से दर्ज हैं दोनों पक्षों के खिलाफ केस परिजनों ने बताया कि मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से पहले ही पुलिस में मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। अब हिमांशु की आत्महत्या के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं परिजनों ने आरोप लगाया है कि लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना के कारण ही हिमांशु ने यह कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
Source link
सोनीपत में इकलौते बेटे ने किया सुसाइड़:परिजनों ने पड़ोसियों पर लगाए आरोप; बार-बार धमकी और पैसे मांगने से आत्महत्या की







