![]()
रोहतक के ब्लॉक महम से विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग करके रंगदारी की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके कारण आरोपी को पीजीआई के ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग करने के मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की 8 टीमें लगी हुई थी। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को 21 जून सुबह मुठभेड़ के बाद काबू किया था, जिसकी पहचान अमन पुत्र कर्मबीर निवासी लाखनमाजरा के रूप में हुई। फायरिंग मामले में दूसरे आरोपी को 26 जून की रात मुठभेड़ के बाद काबू किया, जिसकी पहचान अमन पुत्र अशोक निवासी गांव खैरेंटी के रूप में हुई। दोनों आरोपियों ने बाइक से विधायक कार्यालय के सामने जाकर फायरिंग की थी। पुलिस मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़
आरोपी अमन उर्फ बाज पुत्र अशोक निवासी खरैंटी को निदांना गुगाहेडी रोड के पास पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू किया। आरोपी द्वारा पुलिस पर चार फायर किए गए, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में तीन फायर किए। आरोपी के पास से एक पिस्तौल बरामद हुआ है। घायल आरोपी को ईलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया गया। विदेश में बैठे गैंगस्टर ने व्हाट्सएप पर भेजा मैसेज
विधायक बलराम दांगी को विदेश में बैठे गैंगस्टर सुमित उर्फ छोटा की तरफ से व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर 5 करोड़ रुपए की डिमांड की गई। साथ ही पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। मैसेज आने के बाद विधायक की सुरक्षा को बढ़ाया गया है। विधायक के पास अब 8-9 पुलिसकर्मी सुरक्षा के लिए तैनात है। 11 विधायकों ने सीएम से की थी मुलाकात
महम कार्यालय पर फायरिंग होने के बाद विधायक बलराम दांगी 11 विधायकों के साथ सीएम नायब सैनी से मिले थे, जहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। सीएम ने विधायक की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए डीजीपी को निर्देश दिए थे। इसके बाद विधायक की सुरक्षा को बढ़ाया गया। गैंगस्टरों के खिलाफ कानून बनाने की जरूरत
महम विधायक बलराम दांगी ने कहा कि सरकार को गैंगस्टरों के खिलाफ कानून बनाने की जरूरत है, ताकि उनके मन में भय पैदा हो सके। इसमें पूरा विपक्ष भी सरकार का साथ देगा। आज हर व्यक्ति को धमकियां मिल रही है, जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद है। अपराध पर लगाम लगाने की जरूरत है।
Source link
विधायक को जान से मारने की धमकी देने का मामला:रोहतक पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा दूसरा आरोपी, एक पिस्तौल बरामद







