![]()
मोगा जिले के समालसर थाना क्षेत्र के गांव सुखानंद में 17 जून की रात जसकरन सिंह उर्फ गगू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी अमनदीप सिंह बराड़, उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर और बेटे मनिंदर सिंह सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। बाघापुराना के डीएसपी जसविंदर सिंह खैहरा ने बताया कि चीदा निवासी तेजिंदर सिंह उर्फ जिंदी के बयान पर अमनदीप सिंह बराड़, उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर, बेटे मनिंदर सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ समालसर थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता तेजिंदर सिंह उर्फ जिंदी ने पुलिस को बताया कि उसकी अमनदीप सिंह से दोस्ती थी और अमनदीप अक्सर उससे कार मांगकर ले जाता था। हालांकि, तेजिंदर का भाई जसकरन सिंह गगू इस बात पर आपत्ति जताता था और अमनदीप को ‘सही व्यक्ति’ नहीं मानता था। गाड़ी को लेकर हुआ विवाद 17 जून को अमनदीप सिंह ने तेजिंदर से फिर गाड़ी मांगी, लेकिन उसने इनकार कर दिया, जिससे दोनों के बीच बहस हो गई। इसके बाद जब तेजिंदर अपने भाई जसकरन सिंह गगू के साथ अमनदीप को गाड़ी देने उसके गांव सुखानंद जा रहा था, तो अमनदीप सिंह बराड़ के घर के पास वे उतरे। वहां अमनदीप सिंह ने उनके साथ बहसबाजी और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान अमनदीप की पत्नी गुरप्रीत कौर ने अपने बेटे मनिंदर सिंह से पिस्तौल मंगवाई, जो उसने अमनदीप को दे दी। अमनदीप ने अपने घर के अंदर से ही जसकरन सिंह गगू पर गोली चला दी, जो उसे लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इलाज के दौरान जसकरन सिंह गगू की मौत हो गई। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी मंगल सिंह ने बताया कि इस मामले में अमनदीप सिंह बराड़ उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर के अलावा नामजद आरोपी जसप्रीत सिंह निवासी जैतो तथा लखविन्द्र सिंह जगा निवासी गोनेयाना कलां बठिंडा को काबू किया जा चुका है। जबकि मनिन्द्र सिंह की गिरफ्तारी बाकी है। उन्होंने कहा कि काबू पति-पत्नी को अदालत में पेश करके दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। जिनसे पूछताछ जारी है।
Source link
मोगा हत्याकांड में पति-पत्नी समेत चार गिरफ्तार:गाड़ी को लेकर हुआ था विवाद, कोर्ट ने आरोपियों को रिमांड पर भेजा







