spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

हरियाणा का पहला बैरियर-फ्री टोल:बिना रुके कटेगा टोल, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पर चालान; जानें सभी जरूरी सवाल-जवाब




करनाल का बसताड़ा टोल प्लाजा हरियाणा का पहला टोल बनने जा रहा है, जहां 23 जून से मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम लागू होगा। इसके लागू होते ही वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने, लाइन में लगने या बैरियर खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वाहन सामान्य गति से सीधे टोल क्षेत्र से गुजरेंगे और फास्टैग के जरिए टोल राशि अपने आप कट जाएगी। इससे समय और ईंधन की बचत होगी, ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और सफर पहले से अधिक आसान व तेज हो जाएगा। हालांकि, इस नई व्यवस्था के साथ टोल भुगतान, फास्टैग, जुर्माना, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पर चालान, लोकल पास और कर्मचारियों के रोजगार से जुड़े कई नियम भी बदल जाएंगे। टोल मैनेजर मुकेश कुमार से बातचीत के आधार पर जानिए MLFF सिस्टम से जुड़े हर जरूरी सवाल का जवाब। पहले जानिए बसताड़ा में वाहनों के लिए कितना टोल अब जानिए नए सिस्टम से जुड़े जरूरी सवाल-जवाब… सवाल: MLFF सिस्टम क्या है?
जवाब: MLFF यानी मल्टी लेन फ्री फ्लो एक बैरियर-फ्री टोल सिस्टम है। इसमें टोल प्लाजा पर कोई गेट या बैरियर नहीं होता। सड़क के ऊपर लगी गैंट्री पर कैमरे और सेंसर वाहन की नंबर प्लेट पढ़ते हैं और फास्टैग स्कैन कर टोल राशि अपने आप काट लेते हैं। सवाल: बसताड़ा टोल पर क्या बदल जाएगा?
जवाब: MLFF लागू होने के बाद टोल बूथ और बैरियर हट जाएंगे। वाहन बिना रुके सीधे टोल क्षेत्र से गुजरेंगे और टोल अपने आप कट जाएगा। सवाल: वाहन चालकों को क्या फायदा होगा?
जवाब: वाहन चालकों को टोल पर रुकना नहीं पड़ेगा। जाम और लंबी कतारों से छुटकारा मिलेगा। इससे समय और ईंधन की बचत होगी, साथ ही प्रदूषण भी कम होगा। सवाल: टोल राशि कैसे कटेगी?
जवाब: वाहन के गुजरते ही फास्टैग स्कैन होगा और टोल राशि सीधे खाते से कट जाएगी। पूरी प्रक्रिया ऑटोमैटिक होगी। सवाल: टोल पर कौन-कौन सी तकनीक काम करेगी?
जवाब: टोल प्लाजा पर एएनपीआर कैमरे, आरएफआईडी रीडर, लाइडार सेंसर और एक्सल डिटेक्टर लगाए गए हैं। ये वाहन की पहचान, उसकी श्रेणी और मूवमेंट को ट्रैक करेंगे। सवाल: क्या वाहन की स्पीड कम करनी पड़ेगी?
जवाब: नहीं। इस सिस्टम में वाहन चालकों को स्पीड कम करने की जरूरत नहीं होगी। ट्रायल के दौरान 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों को भी सफलतापूर्वक ट्रैक किया गया है। सवाल: अगर फास्टैग नहीं होगा तो क्या होगा?
जवाब: यदि किसी वाहन में फास्टैग नहीं है, तो कैमरे नंबर प्लेट के आधार पर वाहन की पहचान करेंगे और वाहन मालिक को ई-नोटिस भेजा जाएगा। सवाल: अगर फास्टैग में बैलेंस नहीं होगा तो क्या होगा?
जवाब: ऐसी स्थिति में भी ई-नोटिस जारी किया जाएगा। वाहन मालिक को निर्धारित समय के भीतर टोल राशि जमा करनी होगी। सवाल: ई-नोटिस मिलने के बाद कितना समय मिलेगा?
जवाब: ई-नोटिस जारी होने के बाद वाहन मालिक को 72 घंटे के भीतर भुगतान करना होगा। सवाल: 72 घंटे में भुगतान नहीं किया तो क्या होगा?
जवाब: समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं करने पर टोल राशि दोगुनी हो सकती है। साथ ही अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जा सकता है। सवाल: क्या नकद भुगतान का विकल्प रहेगा?
जवाब: नहीं। इस व्यवस्था में नकद भुगतान की सुविधा नहीं होगी। भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही करना होगा। सवाल: टोल चोरी कैसे रुकेगी?
जवाब: हर वाहन की नंबर प्लेट रिकॉर्ड होगी और डिजिटल सिस्टम से उसका मिलान किया जाएगा। भुगतान नहीं होने पर तुरंत ई-नोटिस या चालान जारी होगा। इससे टोल चोरी पर काफी हद तक रोक लगेगी। सवाल: नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने पर क्या होगा?
जवाब: यदि कोई वाहन चालक नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करता है या बिना नंबर प्लेट के वाहन लेकर गुजरता है, तो सिस्टम उसे पहचान लेगा। इसकी सूचना संबंधित विभाग को भेजी जाएगी और आरटीओ के माध्यम से चालान किया जाएगा। सवाल: टोल का बकाया लंबे समय तक रहा तो क्या होगा?
जवाब: लंबे समय तक भुगतान नहीं करने पर फास्टैग ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है। इसके अलावा वाहन से जुड़ी अन्य सरकारी सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है। सवाल: स्थानीय लोगों को क्या सुविधा मिलेगी?
जवाब: टोल से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों के लिए 350 रुपए का मासिक पास प्रस्तावित है। सवाल: लोकल पास में क्या सुविधा मिलेगी?
जवाब: यह पास पूरे कैलेंडर महीने के लिए मान्य होगा और इसमें अनलिमिटेड ट्रिप की सुविधा मिलेगी। सवाल: क्या लोकल पास सभी वाहनों पर लागू होगा?
जवाब: नहीं। यह सुविधा केवल निजी (प्राइवेट) वाहनों के लिए होगी। कॉमर्शियल वाहन इसके दायरे में नहीं आएंगे। सवाल: किन वाहनों को टोल में छूट मिलेगी?
जवाब: एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और सरकार द्वारा अधिकृत वाहनों को छूट मिलेगी। इन्हें ई-नोटिस जारी नहीं किया जाएगा। सवाल: फास्टैग को लेकर क्या सावधानी रखनी होगी?
जवाब: फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस होना चाहिए। इसे वाहन के शीशे पर सही तरीके से लगाना जरूरी है। साथ ही यह सुनिश्चित करना होगा कि फास्टैग ब्लैकलिस्ट न हो। सवाल: टोल कर्मचारियों पर इसका क्या असर पड़ेगा?
जवाब: इस व्यवस्था के लागू होने के बाद टोल बूथ पर कर्मचारियों की जरूरत काफी कम हो जाएगी। एक टोल प्लाजा पर काम करने वाले करीब 200 से 250 कर्मचारियों के रोजगार पर असर पड़ सकता है। सवाल: सिस्टम लागू होने के बाद टोल पर कौन काम करेगा?
जवाब: एमएलएफएफ लागू होने के बाद टोल प्लाजा पर मुख्य रूप से सुरक्षा कर्मी, तकनीकी स्टाफ और प्रबंधन से जुड़े कर्मचारी ही रहेंगे। सवाल: देश में यह सिस्टम पहले कहां लागू हुआ है?
जवाब: देश में अब तक तीन टोल प्लाजा पर एमएलएफएफ सिस्टम लागू किया जा चुका है। बसताड़ा टोल इसके बाद देश का चौथा टोल प्लाजा बनेगा।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles