![]()
अमृतसर के थाना सदर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बाबा दीप सिंह कॉलोनी से लापता हुई दो सगी बहनों को पंजाब पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उनके माता-पिता को सौंप दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से खुश होकर परिवार ने थाना पहुंचकर एसएचओ और पुलिस टीम का विशेष धन्यवाद किया। पुलिस के अनुसार, दोनों बहनें अपने माता-पिता से मामूली नाराजगी के चलते लुधियाना चली गई थीं। उन्होंने वहां एक रात गुरुद्वारा साहिब में बिताई थी। थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर करनदीप सिंह ने बताया कि जैसे ही दोनों बहनों के लापता होने की सूचना मिली, वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के तहत अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। तकनीकी विशेषज्ञों की सहायता से कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों लड़कियों को लुधियाना से सकुशल बरामद कर उनके परिवार के हवाले कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना नहीं हुई है। पिता ने की पुलिस की सराहना लड़कियों के पिता पिंटू कुमार ने पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने दिन-रात एक कर बहुत कम समय में उनकी बेटियों को ढूंढ निकाला। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग पंजाब पुलिस पर सवाल उठाते हैं, लेकिन उनके परिवार को पुलिस की ओर से मिला सहयोग बेहद सराहनीय है। परिवार ने थाना सदर पहुंचकर एसएचओ करनदीप सिंह और समस्त पुलिस स्टाफ को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की। प्रवासी परिवार ने कहा कि पंजाब में वे स्वयं को सुरक्षित महसूस करते हैं क्योंकि पंजाब पुलिस हर समय लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहती है।
Source link
अमृतसर से लापता दो बहनें लुधियाना में मिलीं:18 घंटे में पुलिस ने ढूंढा, परिवार ने पुलिस का किया सम्मान






