राम सिंहमार, सोनीपत7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हरियाणवी डांसर डिंपल ने यह दूसरा वीडियो शेयर किया, जिसमें युवक की हरकत को दिखाया गया है।
हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी ने यूपी के हाथरस में स्टेज शो पर बदसलूकी का दूसरा वीडियो जारी किया है। इसमें एक युवक सारी सीमाएं पार करते हुए उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।
इस पर डिंपल ने कहा कि इस घटना के बाद उन्हें परिवार और समाज के लोगों के सवालों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें अपना फोन तक बंद करना पड़ा। इस वजह से वह पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान हैं और खुद को काफी असहज महसूस कर रही हैं। बोलीं- मुझे इंसाफ चाहिए।
यह घटना 3 जून को उत्तर प्रदेश के हाथरस की है। इसमें एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के जन्मदिन के अवसर पर डांस और रागनी प्रोग्राम रखा था। इसी में परफोर्मेंस के दौरान एक युवक ने डिंपल की कमर को छुआ था। इसका विरोध करते हुए डिंपल ने युवक को स्टेज पर ही थप्पड़ जड़ दिया था। इसका वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा सार्वजनिक की थी।
हरियाणवी डांसर के साथ स्टेज पर हुए विवाद के कुछ PHOTOS…

हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी ने अपना दूसरा वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा सार्वजनिक की है।

स्टेज पर काफी देर तक विवाद चलता रहा।
डांसर डिंपल चौधरी ने वीडियो में कही ये बातें…
- युवक पहले भी कर चुका अभद्र हरकत : डिंपल चौधरी ने अपने दूसरे वीडियो में कहा कि यदि लोगों ने पहला वीडियो नहीं देखा है, तो वे इस नए वीडियो को देखें। उन्होंने दावा किया कि यह युवक ने उसी रात कार्यक्रम में पहले भी स्टेज के सामने आकर उनके साथ बदतमीजी कर चुका था।
- गलत तरीके से पैसे डालने की कोशिश की : वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक हाथ में पैसे लेकर उनके पास पहुंचा और गलत तरीके से पैसे डालने की कोशिश करने लगा। डिंपल ने कहा कि सार्वजनिक मंच पर उनके साथ यह व्यवहार किया गया, जिसे उन्होंने काफी देर तक नजरअंदाज करने और सहन करने का प्रयास किया।
- परफॉर्मेंस में युवक ने हद कर दी पार : डांसर ने आरोप लगाया कि पहली घटना के बाद भी युवक नहीं माना और दूसरी प्रस्तुति के दौरान उसने हद ही पार कर दी। डिंपल के अनुसार युवक ने उन्हें गंदे तरीके से छूने का प्रयास किया, जिससे वह बेहद आहत हुईं। कहा कि एक महिला कलाकार के रूप में मंच पर इस तरह की घटना का सामना करना बेहद अपमानजनक है। इस वजह से वह लगातार मानसिक तनाव से गुजर रही हैं।
- परिवार और समाज के सवालों से बढ़ी परेशानी : डिंपल चौधरी ने बताया कि घटना के बाद उनके परिवार के लोगों के लगातार फोन आ रहे हैं और उन्हें काफी कुछ सुनने को मिल रहा है। पिछले तीन दिनों से स्थिति ऐसी बन गई कि उन्हें अपना फोन तक बंद करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम से वह लगातार तनाव महसूस कर रही हैं।
- मैनेजर संभाल रहा सोशल मीडिया अकाउंट : वीडियो में डिंपल चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो और पोस्ट अपलोड करने का काम उनका मैनेजर करता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया हैंडल करने की जिम्मेदारी मैनेजर की है और वही सभी वीडियो अपलोड करता है।
- ऐसा चलता रहा तो लड़कियां खत्म हो जाएगी : भावुक होते हुए डिंपल चौधरी ने कहा कि उन्हें न्याय चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं और लड़कियों के साथ इस तरह की घटनाएं होती रही, तो समाज में लड़कियों का सम्मान खत्म हो जाएगा।जो व्यक्ति एक कलाकार की इज्जत नहीं कर सकता, वह किसी भी महिला या व्यक्ति का सम्मान नहीं कर सकता। उन्होंने समाज से महिलाओं और कलाकारों के सम्मान की रक्षा करने की अपील भी की।
- कमेटी के सदस्यों का जताया आभार : डिंपल चौधरी ने कार्यक्रम आयोजन समिति के सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि घटना के दौरान समिति के लोगों ने उनका पूरा सहयोग किया और उनका मान-सम्मान बनाए रखने का प्रयास किया। कहा कि कमेटी के लोगों ने उनका साथ दिया, जिसके लिए वह उनकी आभारी हैं।

पहली वीडियो में डिंपल चौधरी ने ये बताया था…
- कई कलाकार परफॉर्मेंस देने आए थे : डिंपल चौधरी ने बताया कि घटना 3 जून को उत्तर प्रदेश के हाथरस क्षेत्र में हुई थी। एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के जन्मदिन के अवसर पर डांस और रागनी प्रोग्राम रखा था। प्रोग्राम देर शाम करीब 8 बजे शुरू हुआ था, जबकि वह रात करीब 10 बजे मंच पर पहुंची थी। प्रोग्राम में डांसर और सिंगर शिवानी, कोमल चौधरी समेत कई अन्य कलाकार भी मौजूद थे, जो बारी-बारी से मंच पर अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे।
- गलत नीयत से कमर पर टच किया : डिंपल ने बताया कि मैं रात लगभग 2:30 बजे वह हरियाणवी सॉन्ग ‘गंडास’ पर परफॉर्मे कर रही थी, तभी एक युवक मंच पर चढ़ आया। वह युवक आयोजक का रिश्तेदार था। परफॉर्मेंस के दौरान उसने गलत नीयत से मेरी कमर को छूने की कोशिश की। इस हरकत से नाराज होकर मंच पर ही मैंने उसे थप्पड़ मार दिया।
- सम्मान के साथ खिलवाड़ नहीं : डिंपल ने कहा कि कलाकार लोगों के मनोरंजन और अपनी रोजी-रोटी के लिए मंच पर प्रदर्शन करते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कोई उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ करे। यदि कोई व्यक्ति गलत नीयत से छेड़छाड़ करने की कोशिश करेगा तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उस समय मेरे मुंह से कुछ अपशब्द भी निकल गए थे।
- हंगामे के बाद डंडे भी चले थे : कानूनी कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर डिंपल चौधरी ने कहा कि मैंने मौके पर ही युवक को उसकी हरकत का जवाब दे दिया था, इसलिए अब मैं पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहती। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर काफी हंगामा हो गया था और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए डंडे भी चलाने पड़े थे।

————————–
डांसर डिंपल से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
यूपी में हरियाणवी डांसर ने युवक को थप्पड़ जड़ा, VIDEO:कमर छूने पर भड़कीं, बोलीं- परफॉर्मेंस चल रही, मतलब ये नहीं कि हाथ लगाओगे

हरियाणवी स्टेज डांसर डिंपल चौधरी के साथ उत्तर प्रदेश के हाथरस में स्टेज शो के दौरान मंच पर बदसलूकी की गई। डिंपल चौधरी ने इस घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर किया है। वीडियो में एक युवक स्टेज पर परफॉर्मेंस के दौरान उनकी कमर को छूता हुआ दिखाई दे रहा है। (पूरी खबर पढ़ें)








