चंडीगढ़ | रिश्वतकांड में पिछले 7 महीनों से जेल में बंद निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत भुल्लर और उसके करीबियों के 11 ठिकानों पर छापेमारी कर करीब 1.4 करोड़ रुपए नकद बरामद किए हैं। जांच के दौरान एजेंसी को कई बेनामी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। सूत्रों के अनुसार ईडी की जांच में सामने आया है कि भुल्लर ने कथित तौर पर करोड़ों रुपए प्रॉपर्टी और अन्य निवेशों में लगाए थे। कई स्तर पर ट्रांसफर हुई पैसा, जमीन में निवेश जांच में सामने आया कि बड़ी मात्रा में नकदी अलग-अलग खातों में जमा कराई गई और फिर कई स्तरों पर ट्रांसफर कर प्रॉपर्टी डीलरों व सहयोगियों तक पहुंचाई गई। इसके बाद रकम को जमीन और अन्य संपत्तियों में निवेश किया गया। कई डीलरों की घोषित आय निवेश के मुकाबले बेहद कम पाई गई, जिससे मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका और मजबूत हुई है। छापेमारी के दौरान चंडीगढ़, लुधियाना, कपूरथला, मोहाली और जीरकपुर स्थित रिहायशी व कृषि संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। ईडी अब प्रॉपर्टी डीलरों, बिचौलियों और सरकारी अधिकारियों के संभावित गठजोड़ की जांच कर रही है।
Source link
निलंबित डीआईजी भुल्लर व करीबियों के ठिकानों से 1.4 करोड़ रुपए की नकदी मिली







