मधुबनी में संभावित भीषण गर्मी, लू (हीट वेव) और सुखाड़ की स्थिति से निपटने के लिए मंगलवार दोपहर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक अपर समाहर्ता (आपदा) संतोष कुमार की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में हुई। इसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को आमजन के स्वास्थ्य, पेयजल, पशुधन और आवश्यक सेवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिले के सभी नगर निकायों को सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था करने और खराब चापाकलों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था करने, ओआरएस, आईवी फ्लूड और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। आवश्यकता पड़ने पर चलंत चिकित्सा दल भी तैनात किए जाएंगे। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को खराब चापाकलों की तत्काल मरम्मत कराने और जिन क्षेत्रों में नल-जल की सुविधा नहीं है, वहां टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। विभाग को भूजल स्तर की नियमित समीक्षा करने के लिए भी कहा गया है। शिक्षा विभाग को भीषण गर्मी के मद्देनजर विद्यालयों का संचालन सुबह की पाली में कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सभी स्कूलों और परीक्षा केंद्रों में पेयजल और ओआरएस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। समाज कल्याण विभाग को सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर पेयजल व्यवस्था और लू से बचाव संबंधी जागरूकता सामग्री प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। पशु संसाधन विभाग को पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने और बीमार पशुओं के लिए चिकित्सा दल तैयार रखने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण विकास विभाग को मनरेगा के तहत जल संरचनाओं की खुदाई में तेजी लाने तथा कार्यस्थलों पर पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। परिवहन, श्रम संसाधन, पंचायती राज, ऊर्जा, पर्यावरण और अन्य संबंधित विभागों को भी लू से बचाव के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। भीषण गर्मी के दौरान आग लगने की घटनाओं की संभावना को देखते हुए, विभाग को मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जन-धन की क्षति को कम किया जा सके। बैठक में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, अपर समाहर्ता राजेश कुमार, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें