करनाल जिले में घरौंडा की नई अनाज मंडी में आढ़तियों के धरने के बीच बुधवार को सियासी माहौल गरमा गया। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह धरनास्थल पर पहुंचे और आढ़तियों के साथ बैठकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने किसानों की गेहूं खरीद में देरी और नमी के बहाने को लेकर सरकार को घेरा। साथ ही राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर सख्त कार्रवाई की बात भी कही। राव नरेंद्र सिंह ने मंडी में पहुंचते ही मार्केट कमेटी के गेट पर चल रहे आढ़तियों के धरने में हिस्सा लिया। आढ़तियों की मांग थी कि गेहूं की खरीद की जाए और मॉश्चर पर भी कुछ छूट दी जाए। खरीद न होने से मंडी में दिक्कतें आ रही है। राव नरेंद्र सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हरियाणा सरकार खुद को डबल इंजन की सरकार बताती है, लेकिन किसानों की समस्या का समाधान नहीं कर पा रही। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह केंद्र से बात करे और गेहूं में नमी के बहाने को खत्म करे, ताकि किसानों की फसल तुरंत खरीदी जा सके। नमी के नाम पर किसानों को परेशान करने का आरोप राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार और अधिकारी जानबूझकर किसानों और आढ़तियों को परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकारी मशीनों से गेहूं की जांच होती है तो उसमें नमी ज्यादा दिखाई जाती है, जबकि आढ़तियों की मशीनों से जांच करने पर नमी कम निकलती है। इससे साफ है कि सिस्टम में गड़बड़ी है और किसानों को बेवजह रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंडियों में बारदाना भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं है, लेकिन इसके बावजूद आढ़तियों पर दबाव बनाया जा रहा है। गेट पास को लेकर लगाई गई शर्तों को भी उन्होंने गलत बताया। लिफ्टिंग और भुगतान में देरी पर उठाए सवाल उन्होंने कहा कि सरकार का काम है कि वह फसल खरीदे और समय पर लिफ्टिंग करे। जब लिफ्टिंग होगी तभी जे-फार्म बनेगा और किसानों के खातों में भुगतान आएगा। लेकिन वर्तमान स्थिति में किसान कई-कई दिन से परेशान हैं और उनकी फसल भीग रही है। ऐसे में किसान अपनी फसल बेचने को लेकर चिंतित हैं। क्रॉस वोटिंग पर सख्त रुख राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के मुद्दे पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जिन उम्मीदवारों को कांग्रेस ने टिकट दी थी, उन्हें जनता ने पार्टी के नाम पर जिताकर विधानसभा भेजा। लेकिन भाजपा ने प्रलोभन, दबाव और बाहुबल के जरिए कांग्रेस के पांच वोटों की क्रॉस वोटिंग करवाई। उन्होंने बताया कि इस मामले में अनुशासन समिति की रिपोर्ट आ चुकी है, जिसे उन्होंने पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद को भेज दिया है। जल्द ही दोषी विधायकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी के साथ गद्दारी करने वालों के लिए कांग्रेस में कोई जगह नहीं है। भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप सत्ता पक्ष के इस आरोप पर कि कांग्रेस के विधायक अपने नेताओं से परेशान हैं, राव नरेंद्र सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि एक राज्यसभा सदस्य के लिए 31 विधायकों की जरूरत होती है, फिर भाजपा को अपनी पार्टी के पदाधिकारी को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतारने की क्या जरूरत थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 3 निर्दलीय और 7 आजाद विधायकों का समर्थन लेकर उम्मीदवार खड़ा किया और हॉर्स ट्रेडिंग के जरिए सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की। हालांकि उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की ताकत और जनता के समर्थन से कांग्रेस का उम्मीदवार राज्यसभा में पहुंचा। केंद्रीय मंत्री के आरोपों पर दिया जवाब केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा विपक्ष पर राजनीति करने के आरोपों पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह चुनाव का समय नहीं है, बल्कि जनता के मुद्दे उठाने का समय है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे वादे करके सत्ता में आई थी, लेकिन अब जनता उसकी सच्चाई समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हर तरफ झूठ और धोखा नजर आ रहा है। किसान एक सप्ताह से अधिक समय से परेशान हैं और उनकी फसल खराब हो रही है। किसानों के हित में उठाई मांग राव नरेंद्र सिंह ने सरकार से मांग की कि मौसम की वजह से खराब हुई गेहूं को ध्यान में रखते हुए नमी के नियमों में छूट दी जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के एक-एक दाने की खरीद सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक सरकार गेहूं की खरीद नहीं करेगी, तब तक किसानों के खातों में भुगतान नहीं आएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने अभी तक भावांतर का पैसा भी किसानों को नहीं दिया है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें