![]()
ग्वालियर में अप्रैल के पहले सप्ताह में मौसम का मिजाज बदला-बदला है। पिछले दो दिनों से शहर में रुक-रुक कर हो रही बेमौसम बारिश ने गर्मी कम कर दी है। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे हुई बारिश से वातावरण में ठंडक घुल गई, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी से राहत मिली है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा। वहीं, बुधवार को न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार बढ़ रही नमी के कारण मौसम में ठंडक बनी हुई है। सुबह के समय आर्द्रता 94 प्रतिशत तक पहुंच गई। बारिश के साथ ओलावृष्टि के आसार मौसम विभाग ने ग्वालियर, भिंड, दतिया और मुरैना जिलों के लिए अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। विभाग का अनुमान है कि कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में कई मौसम तंत्र सक्रिय हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान और अफगानिस्तान के ऊपर बना हुआ है, जबकि उत्तर-पूर्व राजस्थान और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन प्रणालियों के प्रभाव से लगातार नमी आ रही है, जिससे बादल बन रहे हैं और बारिश की स्थिति बनी हुई है। किसानों की चिंता बढ़ गई मौसम विभाग के अनुसार 11 अप्रैल के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में और बदलाव आ सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान जिले के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की भी आशंका है। इस बदले मौसम से आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है।
Source link







