![]()
फरीदाबाद के सेक्टर-25 में स्थित हनुमान मंदिर के पास सोमवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। लोहे के भारी एंगल से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर की लापरवाही के कारण एक लंबा एंगल पीछे चल रही कार में जा घुसा, जिससे कार सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल कार सवार की पहचान सेक्टर-23 संजय कॉलोनी निवासी प्रकाश मुदगल के रूप में हुई है। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई है। सूचना मिलने पर सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अचानक ब्रेक लगाने से कार में घुसी एंगल जानकारी के अनुसार प्रकाश मुदगल सेक्टर-58 औद्योगिक क्षेत्र में एक कैंटीन चलाते हैं। सोमवार शाम करीब साढ़े 5 बजे वह अपनी कार से कैंटीन बंद कर घर लौट रहे थे। जब वह सेक्टर-25 स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी उनके आगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी, जिसमें कई भारी-भरकम लोहे के लंबे एंगल लोड किए हुए थे। बताया जाता है कि ट्रैक्टर ड्राइवर ने अचानक एक कंपनी के सामने मोड़ लिया और बिना किसी चेतावनी के अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने के कारण ट्रॉली में रखा लंबा लोहे का एंगल पीछे की ओर खिसक गया और पीछे चल रही कार के आगे के शीशे को तोड़ता हुआ अंदर घुस गया। लोगों ने घायल को कार से बाहर निकाला इस दौरान कार चला रहे प्रकाश मुदगल के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कार के अंदर फंसे घायल व्यक्ति को बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहीं सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी हवलदार तिलकराज सिंह ने बताया कि घायल कार सवार के सिर में चोट आई है, लेकिन फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पीड़ित के बेटे रोहित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Source link







