कांग्रेस के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह मंगलवार दोपहर नूंह जिले के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने तावडू और नूंह की नई अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुले में पड़े गेहूं और हाल ही में हुई बारिश से हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान राव नरेंद्र सिंह ने मंडी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद किसानों की फसल को सुरक्षित रखने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने इसे प्रशासन की लापरवाही बताते हुए कहा कि इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ा है। उन्होंने खराब हुए गेहूं के लिए किसानों को जल्द मुआवजा देने की मांग की। अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस एक अनुशासित राष्ट्रीय पार्टी है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में पार्टी की अनुशासन समिति पहले ही सक्रिय हो चुकी है। अनुशासन समिति की रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व के पास पहुंची राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि अनुशासन समिति की रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व के पास पहुंच गई है और उस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन विधायकों ने कांग्रेस की टिकट पर जीत हासिल कर क्रॉस वोटिंग की, उन्होंने पार्टी और जनता दोनों के विश्वास को तोड़ा है। उन्होंने विशेष रूप से मेवात क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की जनता ने भरोसा जताकर अपने प्रतिनिधि चुने हैं, इसलिए उनका यह रवैया अस्वीकार्य है। दोषी पाए जाने वाले विधायकों पर होगी कार्रवाई उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि कांग्रेस इस मामले में कोई ढुलमुल नीति नहीं अपनाएगी। राव नरेंद्र सिंह ने कहा, ‘दोषी पाए जाने वाले विधायकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।’ हालांकि, उन्होंने कार्रवाई की समयसीमा के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें