![]()
औरंगाबाद में बंगाल के रहने वाले युवक ने सुसाइड कर लिया। फंदे से लटकी उसकी लाश मिली है। मृतक बंगाल के पूर्व वर्धमान जिला का निवासी संजीत देवनाथ (32) है। जो करीब 3 साल से नबीनगर के बसन बिगड़ा मोड़ के पास उपेंद्र सिंह के मकान में किराए पर रहता था। संजीत यहां अपने गांव के साथियों के साथ जीविकोपार्जन करता था। रद्दी कपड़े इकट्ठा कर रजाई सिलने और बेचने का काम करता था। बताया जाता है कि हाल के दिनों में संजीत अपने निजी जीवन को लेकर काफी परेशान था। उसके साथ रह रहे युवक सुवोजित ने पुलिस को बताया कि संजीत की अपनी पत्नी के साथ अक्सर फोन पर बातचीत के दौरान कहासुनी होती रहती थी। पारिवारिक तनाव के कारण वह मानसिक रूप से दबाव में था। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया हो, ऐसी आशंका जताई जा रही है। घटना नबीनगर थाना क्षेत्र की है। खाना साथ में खाया था घटना के संबंध में सुवोजित ने बताया कि मंगलवार की रात दोनों ने साथ में खाना खाया और सोने चले गए। रात में कब संजीत उठकर दूसरे कमरे में चला गया और फंदा लगाकर अपनी जान दे दी, इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब नींद खुली तो संजीत कमरे में नहीं था। पहले तो उसने सोचा कि वह बाहर कहीं चला गया होगा, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर वह उसे ढूंढने दूसरे कमरे में गया। वहां संजीत का शव फंदे से लटका हुआ था।
मृतक का मोबाइल जब्त किया घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। नबीनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। साथ ही उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।
Source link







