![]()
हनुमानगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए संदिग्ध गतिविधियों में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन से जुड़े शहजाद भट्टी से संपर्क रखने और भड़काऊ सामग्री साझा करने का आरोप है। यह गिरफ्तारी 6 अप्रैल को हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र से हुई। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान सुनील कुमार उर्फ धोलू (29) निवासी वार्ड नंबर 54, सुरेशिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल भी बरामद की थी। शुरुआत में उसे आर्म्स एक्ट के तहत पकड़ा गया था। हालांकि, आरोपी के मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट की गहन जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस जांच में पता चला कि सुनील कुमार उर्फ धोलू सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान के आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था। वह व्हाट्सएप के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान करता था और सोशल मीडिया पर हथियारों से जुड़े पोस्ट भी अपलोड करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से करीब 10 मामले दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आतंकी शहजाद भट्टी के विचारों से प्रभावित था और उसके निर्देशों के अनुसार काम करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस को आशंका है कि वह देश के खिलाफ माहौल बनाने और लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहा था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उसके नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में एएसपी, डीएसटी टीम और थाना जंक्शन पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही, जिसने तकनीकी जांच और मुखबिरों के नेटवर्क के माध्यम से आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। गौरतलब है कि पिछले दिनों अंबाला में पकड़ी गई आईईडी की खेप के हनुमानगढ़ के रास्ते जाने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस आतंकियों के स्लीपर सैल सक्रिय होने की आशंका के आधार पर काम कर रही है। पुलिस की गहन छानबीन में ऐसे युवकों की जानकारी सामने आ रही है जो किसी तरीके से आतंकी नेटवर्क से जुड़े हैं या जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस ने ऐसे मामलों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है और अन्य एजेंसियों से भी लगातार सूचना साझी की जा रही है।
Source link







